जींद। पीजीआई रोहतक में इलाज के लिए ले जाते समय सजायाफ्ता महिला कैदी ने महिला पुलिसकर्मी के साथ लड़ाई-झगड़ा कर उसकी वर्दी फाड़ दी। सिविल लाइन थाना पुलिस ने महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर महिला कैदी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने गाली गलौज करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस लाइन में तैनात महिला हवलदार रेखा देवी ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को पुलिस गाड़ी जिला जेल से कैदी तथा बंदियों को इलाज के लिए पीजीआई रोहतक ले जा रही थी। नशीले पदार्थ तस्करी के मामले में सजायाफ्ता रितु लाठर जेल से निकलते ही उसके साथ गाली गलौज करने लगी और उसका कॉलर पकड़ कर धमकाया। दूसरे बंदियों की सुरक्षा तथा इलाज को देखते हुए वह पीजीआई रोहतक पहुंचे तो रितु लाठर वहां पर भी उसके साथ उलझ गई और अभद्र भाषा का प्रयोग और गाली गलौज करने लगी। रितु ने पीजीआई में अपना इलाज भी नहीं कराया। जब उन्हें वापस लाया गया तो उन्होंने जेल में जाने से मना कर दिया और फिर से हाथापाई पर उतरते हुए उसकी वर्दी फाड़ दी और उसे अंजाम भुगतने की धमकी दी। आरोप है कि उसने जेल में जाकर आत्महत्या करने और उसकी वर्दी उतरवाने की धमकी भी दी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी सोमबीर ढाका ने बताया कि महिला पुलिसकर्मी की शिकायत पर कैदी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।