एसई कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे बिजली निगम के कर्मचारी।
- फोटो : Jind
बिजली निगम के पांच कर्मचारियों को निलंबित करने और पुलिस द्वारा एफआईआर दर्ज करने के विरोध में एचएसईबी वर्कर यूनियन द्वारा एसई कार्यालय में सोमवार को धरना दिया गया। धरने की अध्यक्षता वरिष्ठ उपप्रधान कृष्ण नैन ने की।
नैन ने कहा कि जिले में बिजली निगम के कर्मचारी मेहनती और ईमानदार हैं। इसके बावजूद भी निगम के अधिकारियों ने पांच कर्मचारियों को रंजिशन निलंबित कर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई है। इसको निगम के कर्मचारी किसी भी सूरत में सहन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि निगम में कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के कारण निगम घाटे में चला था, लेकिन सीएमडी शत्रुजीत कपूर द्वारा जब से भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने की मुहिम चलाई गई तो बिजली निगम मुनाफे में आया। राज्य प्रधान विजेंद्र बैनीवाल ने निगम के प्रबंधक से कहा कि सर्कल के कर्मचारियों को प्रताड़ित करना छोड़ दिया जाय नहीं तो यूनियन जींद सर्कल के अधिकारियों की ईंट से ईंट बजाने से पीछे नहीं हटेगी। इस अवसर पर राजा शामदों, धर्मबीर, जितेंद्र, राकेश कुमार, राजेश आसन, रणधीर ग्रोवर रामबाग मौजूद रहे।