संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। पड़ोसियों से मिल रही धमकी से डरकर सिवाहा गांव के चौकीदार ने जहर निगल कर आत्महत्या कर ली। सदर थाना पुलिस ने पड़ोसी विजयपाल, विक्रम, पवन, सुलतान और रेणू के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज किया है।
सिवाहा गांव की महिला मुकेश ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति 45 वर्षीय रामदिया गांव में चौकीदारी करता था। पड़ोसी विजयपाल, विक्रम, पवन, सुलतान और रेणू उसके साथ काफी समय से मारपीट करते आ रहे हैं। इससे उसका पति परेशान था। शुक्रवार को उसके पति रामदिया तहसीलदार दफ्तर जींद गया था। वहां पर भी उसके पति को विजयपाल, विक्रम, पवन, सुलतान और रेणु ने जान से मारने की धमकी दी थी। वहां से आकर वह अपने प्लाट में चले गए। वहां पर भी उन्होंने उसके साथ मारपीट की और उसके कपड़े फाड़ दिए। सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के सामने रेणू छेड़खानी का आरोप लगाने लगी। इस पर पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया, लेकिन पुलिस के चले जाने के बाद उन्होंने फिर उन्हें रात को जान से मारने की धमकी दी। शाम को उसका पति खाना खाकर प्लाट में जाकर सो गया। सुबह जब वह प्लाट में गया तो वह चारपाई से नीचे पड़ा था। उसने आरोप लगाया कि पड़ोसियों की प्रताड़ना से ऊब कर उसने जहर निगल लिया है। उन्होंने तुरंत उसे नागरिक अस्पताल में दाखिल करवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। जांच अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और आरोपी विजयपाल, विक्रम, पवन, सुलतान और रेणु के खिलाफ आत्महत्या करने के लिए मजबूर करने के आरोप में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।