फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंद्रह गांवों के किसानों को 21 साल से नहीं मिल रहा नहरी पानी

विज्ञापन
बिना पानी के सुखी पड़ी माइनर। - फोटो : bureau
विज्ञापन
जिले के गोहाना रोड पर स्थित निडानी, निडाना, ललितखेड़ा, चाबरी, सिंधवीखेड़ा, रधाना, बिरौली, शामलो खुर्द, पड़ाना, बिशनपुरा, घिमाना व बहबलपुर सहित लगभग 15 गांवों के किसानों को पिछले 21 साल से नहरी पानी नसीब नहीं हो रहा है। पानी की किल्लत झेल रहे 15 गांवों के किसान अब नहरी पानी हासिल करने के लिए लामबंद हो गए हैं। रविवार को 15 गांवों के किसानों की पंचायत रधाना गांव के सरपंच नरेश की अध्यक्षता में तीन नंबर रजवाहे के हेड पर हुई। पंचायत में सर्वसम्मति से फैसला लिया गया कि तीन नंबर रजवाहे पर हो रही पानी की चोरी को रोकने, माइनरों की सफाई करवाने व नहर में पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ने की मांग को लेकर सोमवार को उपायुक्त विनय से मुलाकात करेंगे। इसके बाद नहरी पानी की चोरी रुकवाने व टेल तक पानी मुहैया करवाने को लेकर हाईकोर्ट में इश्तगाशा दायर करेंगे। परधाना गांव के सरपंच नरेश ने कहा कि 1995 में आई बाढ़ के बाद से आज तक निडानी तथा इसके आस-पास लगते गांवों में नहरी पानी नहीं पहुंचा है। किसानों को नहरी पानी नहीं मिलने के कारण उनका खेतीबाड़ी का कामकाज प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह नहरी पानी मुहैया करवाने के लिए सैकड़ों बार जिला प्रशासनिक अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं, लेकिन आज तक किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने उनकी मांगों की तरफ ध्यान नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि तीन नंबर रजवाहे पर काफी मात्रा में पानी की चोरी होती है और पानी चोरी के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच पाता है। वहीं नहरी विभाग द्वारा समय पर माइनरों की सफाई भी नहीं की जाती। नहरी पानी नहीं मिलने के कारण सभी गांवों में पीने के पानी की किल्लत बनी हुई है। सभी गांवों के जलघर सूखे पड़े हैं। उन्होंने प्रशासन को चेताया कि यदि जल्द से जल्द उन्हें नहरी पानी मुहैया नहीं करवाया गया तो वह सड़क जाम, धरने- प्रदर्शन से भी परहेज नहीं करेंगे। वहीं सोमवार को डीसी को अपनी मांगों का एक ज्ञापन देंगे। यदि जल्द से जल्द प्रशासन ने उनकी समस्या का समाधान नहीं किया तो वह जल्द ही हाईकोर्ट में इश्तगाशा दायर करेंगे। ताकि उन्हें पर्याप्त मात्रा में नहरी पानी मिल सके। इस अवसर पर उनके साथ शामलो खुर्द के सरपंच होशियार सिंह, रमेश निडानी, महाबीर पूनिया, रामफल, अनूपगढ़ से सरपंच पति अतर सिंह सहित काफी संख्या में कई गांवों के सरपंच मौजूद रहे।
विज्ञापन


रोड जाम से भी नहीं करेंगे परहेज
1995 के बाद से निडानी व आस-पास के गांवों में नहरी पानी नहीं पहुंच रहा है। नहरी पानी नहीं मिलने के कारण सिंचाई के लिए तो दूर पीने के लिए भी पानी नहीं मिल रहा है। तीन नंबर रजवाहे के पास लगते गांवों में पानी की काफी चोरी होती है, लेकिन प्रशासन पानी की चोरी को रोकने के लिए कोई प्रयास नहीं कर रहा है। इससे किसानों में गहरा रोष है। यदि प्रशासन ने जल्द से जल्द उनकी मांगें पूरी नहीं की तो वह रोड जाम से भी परहेज नहीं करेंगे।
- महाबीर, किसान

खटखटाएंगे हाईकोर्ट का दरवाजा
तीन नंबर पानी की चोरी को रोकने के लिए 2002 से जिला प्रशासन को ज्ञापन पर ज्ञापन दिए जा रहे हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्या की तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। 1995 के बाद से निडानी सहित आस-पास के 15 गांवों में नहरी पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे इन गांवों में पानी की भारी किल्लत बनी हुई है। अब नहरी पानी हासिल करने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे।
विज्ञापन

- होशियार सिंह, सरपंच शामलो खुर्द

रकबा बढ़ा पर नहरी पानी घटा
तीन नंबर रजवाहे से कई माइनर निकालने के कारण नहरी पानी का रकबा लगातार बढ़ रहा है। नहरी पानी का रकबा बढ़ने के बावजूद भी नहरी विभाग द्वारा रजवाहे में पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। रजवाहे में पीछे से पर्याप्त पानी नहीं आने के कारण टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इससे किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इसको लेकर सोमवार को उपायुक्त से मुलाकात की जाएगी। इसके बाद हाईकोर्ट में इश्तगाशा दायर की जाएगी।
- अतर सिंह, अनूपगढ़

पानी चोरी बड़ी समस्या है। इसको लेकर सिंचाई विभाग लगातार अभियान चलाता है। नियमित रूप से किसानों को जुर्माना भी किया जा रहा है। किसान साथ दें तो पानी चोरी रोकी जा सकती है। इसके लिए किसानों को भी आगे आना पड़ेगा। विभाग हर प्रकार की मदद को तैयार है।
विज्ञापन

 - बीडी जागलान, एक्सईएन सिंचाई विभाग।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें