जजपा सुप्रीमो दुष्यंत चौटाला ने कहा कि प्रदेश के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने खुद की आय तो पांच गुणा बना ली, लेकिन किसानों को ऐसा फार्मूला क्यों नहीं दिया कि उनकी आय कम से कम दोगुनी ही हो जाए। उन्होंने कहा कि ओमप्रकाश धनखड़ ने किसानों की आय दोगुनी करने का पूरा दम भरा और ढोल की थाप पर डांस भी किया, लेकिन किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई बल्कि उनकी समस्याएं दोगुनी जरूर हो गईं। बड़ौदा गांव से शुरू किए गए अपने प्रचार के दौरान दुष्यंत ने कहा कि उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ ही रात्रि ठहराव किया है। दुष्यंत ने कहा कि भाजपा सरकार की शह पर प्रदेश में अवैध खनन जारी है। सरकार के चहेते लोग अपनी तिजोरियां भरने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी का राज आने पर जनता भाजपा से लूट के एक-एक पैसे का हिसाब लेगी।