नरवाना। नरवाना की नई अनाज मंडी स्थित मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर संयुक्त किसान मोर्चा का धरना शनिवार को भी जारी रहा। धरने के दौरान अखिल भारतीय किसान सभा के राज्य अध्यक्ष मास्टर बलबीर सिंह ने कहा कि सरकार की खरीद संबंधी शर्तों के कारण किसानों को मंडियों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मांग की कि धान खरीद में लगाई गई किसान विरोधी शर्तें वापस ली जाएं और किसानों की पूरी पैदावार न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीदी जाए। फसल पंजीकरण नहीं होने या सरकारी आंकड़ों का मिलान न होने पर भी किसानों की फसल खरीद सुनिश्चित की जाए। साथ ही किसानों को किसी भी नजदीकी मंडी में फसल बेचने की अनुमति देने, नमी के नाम पर होने वाली कटौती रोकने और फसल कटाई की समय सीमा हटाने की मांग उठाई।