14उचाना01 : उचाना मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा गया ताला। संवाद
उचाना। संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर मंगलवार को किसानों ने मार्केट कमेटी कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से दोपहर दो बजे तक चले धरने के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने पीआर धान और बाजरा की न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर खरीद सुनिश्चित करने तथा डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता की मांग उठाई।
किसान नेता सुरेश कोथ, ज्ञानीराम, जोगेंद्र नैन और बलबीर सिंह ने आरोप लगाया कि पिछले साल किसानों को पीआर धान कम कीमत पर बेचनी पड़ी थी। उन्होंने कहा कि मंडियों में किसानों की फसल 2,000 से 2,300 रुपये प्रति क्विंटल तक खरीदी जाती है जबकि सरकारी रिकॉर्ड में 2,461 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से भुगतान भेजा जाता है। किसानों को कथित तौर पर अतिरिक्त राशि वापस करनी पड़ती है। उन्होंने मामले की जांच कर वास्तविक खरीद कीमत के अनुसार भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की।
ज्ञानीराम ने कहा कि सरकार की नीतियों से किसान और आढ़तियों के बीच वर्षों पुराने भाईचारे पर असर पड़ रहा है। उन्होंने मंडियों को बंद करने की कोशिशों का विरोध किया। उन्होंने कहा कि सरकार मंडियों को बंद करने की दिशा में काम कर रही है लेकिन संयुक्त किसान मोर्चा ऐसा नहीं होने देगा।
डीएपी खाद की कमी से किसान परेशान
किसान नेत्री सिक्किम श्योकंद ने कहा कि डीएपी खाद लेने में किसानों को परेशानी हो रही है। एक आधार कार्ड पर पांच कट्टे देने की सीमा और पोर्टल संबंधी समस्याओं से किसानों की जरूरतें पूरी नहीं हो पा रहीं। उन्होंने चेतावनी दी कि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन तेज करने के लिए मजबूर होगा।
14उचाना01 : उचाना मार्केट कमेटी कार्यालय पर जड़ा गया ताला। संवाद