02जेएनडी36-खाद के लिए लाइन में लगे किसान। संवाद
- फोटो : स्रोत विज्ञप्ति
उचाना। शनिवार सुबह पुरानी मंडी में स्थित सरकारी दुकान पर यूरिया खाद मिलने की जानकारी मिलते ही किसान पुरानी मंडी पहुंचने शुरू हो गए। किसानों की खाद की दुकान पर लंबी कतार लग गई। क्षेत्र में रुक-रुक कर हो रही हल्की बारिश के कारण धान की फसल में यूरिया की आवश्यकता बढ़ गई है। हैफेड सेल्समैन सतीश के अनुसार उचाना में 1700 बैग यूरिया आए हैं।
प्रत्येक आधार कार्ड पर 10 बैग यूरिया दिया जा रहा है। सभी किसानों को आधार कार्ड के माध्यम से बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही यूरिया दिया जा रहा है। किसान बीरेंद्र, बलजीत, काला और दिनेश ने बताया कि इस बार किसान अपनी जरूरत के हिसाब से यूरिया खरीद रहे हैं।
किसान अमित और श्यामा ने बताया कि उनके पास खेती की कम जमीन होने के कारण उन्हें केवल पांच-पांच बैग की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि फिलहाल यूरिया की कोई कमी नहीं है। एक व्यक्ति को 10 बैग खाद मिल रही है। जिन किसानों के पास कम खेती है वे कम यूरिया ले रहे हैं। हालांकि अधिक खेती वाले किसानों को यूरिया की कमी का सामना करना पड़ सकता है।