भंभेवा गांव के पास से दिल्ली के लिए किसानों के साथ रवाना होते विधायक सुभाष गांगोली और बराह कलां ख?
- फोटो : Jind
कृषि कानूनों के विरोध में दिल्ली की सीमा पर आंदोलन कर रहे पंजाब और हरियाणा के किसानों के समर्थन में अब जिले के किसान भी खुलकर आ गए हैं। वीरवार को दनौदा से बिनैन खाप, बराह तपा और नौगामा से रामराये, उचाना के किसान रवाना हुए। भंभेवा से काफी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ रसद लेकर दिल्ली के लिए रवाना हुए। किसानों को समर्थन देने के लिए सफीदों के कांग्रेसी विधायक सुभाष गांगोली व बराह तपा के प्रधान कुलदीप ढांडा भी दिल्ली गए हैं। जानकारी के लिए चार दिन से लगातार जिले से किसान दिल्ली जा रहे हैं। किसानों ने कहा कि कृषि कानूनों का विरोध कर रहे साथियों की हर प्रकार से मदद की जाएगी।
दिल्ली जाने वाले किसानों के ट्रैक्टर में डाला मुफ्त में डीजल
उचाना। किसान आंदोलन में हर कोई अपने-अपने स्तर पर सहायता कर रहा है। क्षेत्र के गांवों से चंदा एकत्रित करके सहयोग राशि व राशन दिल्ली बॉर्डर पर धरना दे रहे किसानों तक पहुंचाया जा रहा है। दुर्जनपुर, उदयपुर, छात्तर व बड़ौदा सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों से किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में दिल्ली रवाना हुए। बाबा की जोहड़ी के पास पेट्रोल पंप मालिक द्वारा उचाना क्षेत्र से जाने वाले किसानों के ट्रैक्टरों में मुफ्त में डीजल डाला गया। बड़ौदा गांव से जब एक दर्जन के करीब ट्रैक्टर में दिल्ली जाने के लिए तेल डलवाने किसान पहुंचे। यहां तेल डलवाने के बाद जब किसान पंप के सेल्समैन को रुपये देने लगे तो पेट्रोल पंप मालिक एवं उचाना क्षेत्र लोहान खाप के प्रधान महीपाल खेड़ी मंसानियां ने रुपये लेने से मना कर दिया। महीपाल खेड़ी मंसानिया ने कहा कि जो भी उचाना क्षेत्र से किसान ट्रैक्टर लेकर दिल्ली किसान आंदोलन में गए हैं, वह अगर उसके पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने आएं तो उनसे कोई पैसा डीजल का नहीं लिया है।
दिल्ली रवाना हुए दनौदा के किसान
किसान आंदोलन के समर्थन में गांव दनौदा से किसानों ने दिल्ली कूच किया। किसानों ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों को मानना पड़ेगा। मनदीप दनौदा ने कहा कि किसान हित ही सर्वहित है और भाजपा सरकार को भी किसान हित में ही कार्य करना चाहिए।