बारदाने की मांग को लेकर हिसार-चंडीगढ़ हाईवे जाम करते किसान। संवाद
- फोटो : Jind
दनौदा गांव की अनाज मंडी में बारदाने की कमी से परेशान किसानों ने बुधवार को हिसार-चंडीगढ़ हाईवे पर अवरोधक डालकर जाम लगा दिया। सरकार और मंडी प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम लगने के कारण सड़क पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। किसानों ने दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे हाईवे जाम किया, जो साढ़े पांच बजे तक जारी रहा।
जाम लगा रहे किसानों ने कहा कि मंडी में गेहूं की आवक लगातार बढ़ रही है। मंडी में बारदाना नहीं पहुंचने के कारण किसानों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शिकायत करने पर मंडी के अधिकारी उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। जिसकी वजह से किसानों ने जाम लगाकर प्रशासन को जगाने का प्रयास किया है। वहीं जाम लगने की सूचना मिलते ही सदर थाना प्रभारी सोमबीर ढाका मौके पर पहुंचे। किसानों को आश्वसन दिया कि अधिकारियों से बात हो चुकी है जल्द ही बारदाना मंडी में पहुंच जाएगा। किसानों ने थाना प्रभारी के आश्वासन पर कहा कि जब तक मंडी में बारदाना नहीं पहुंचेगा जाम नहीं खोलेंगे। इसके बाद प्रशासन ने बारदाना की व्यवस्था करवा कर साढ़े पांच बजे जाम खुलवाया।