नरवाना। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल का आमरण अनशन मंगलवार को भी खनौरी बाॅर्डर पर जारी रहा। इस दौरान प्रदेश के 50 से अधिक गांवों के किसान खेतों से ट्यूबवेल का पवित्र जल जगजीत सिंह डल्लेवाल के लिए लेकर बार्डर पर पहुंचे।
नारनौंद, राजपुरा, माजरी, डिडवादी, सोहटी, फग्गू, धर्मपुरा, खैराती खेड़ा, दादू, तिलोकेवाला, बीसला, करनोली, खुंबर, जंडवाला, आयलकी, छिनौली, मटिंडू, गोपालपुर, नौल्था, माजरा, खुराना, रोजखेड़ा, जुल्हेड़ा, ढाणी छतरिया, ढाणी ठोबा, तमसपुरा, भरपूर, लक्कड़वाली, चमराडा, माढ़ा, मस्तगढ़, खरल, लोधर, फतेहपुरी, फुलां, अकांवली, सुंदरनगर व हमजापुर गांवों से जल लेकर किसान मोर्चे पर पहुंचे। किसान नेताओं ने बताया कि जगजीत सिंह डल्लेवाल पिछले 71 दिनों से सिर्फ जल ग्रहण कर के अपने शरीर के पर कष्ट झेल रहे हैं, ताकि खेती को किसानों की अगली पीढ़ी के लिए बचाया जा सके।
किसानों की भावना है कि उन्हीं खेतों का पवित्र जल जगजीत सिंह डल्लेवाल ग्रहण करें, जिन्हें बचाने के लिए वह सत्याग्रह कर रहे हैं। किसान नेताओं ने कहा कि यह सिर्फ जल नहीं है, बल्कि उन हजारों किसानों की भावना है। जिन्हें यह महसूस होता है कि एमएसपी गारंटी कानून बनवाने के लिए चल रहे किसान आंदोलन-2 में सहयोग करना जरूरी है। इसी तरह छह, आठ और 10 फरवरी को हरियाणा के किसानों के बड़े जत्थे जल लेकर दातासिंहवाला-खनौरी मोर्चे पर पहुंचेंगे। किसान नेताओं ने सभी किसानों से अपील की है कि मोर्चे के एक साल पूरा होने पर 11 फरवरी को रत्नपुरा, 12 फरवरी को दातासिंहवाला खनौरी और 13 फरवरी को शम्भू मोर्चे पर आयोजित महापंचायतों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचना है।