जुलाना।कस्बे की नई अनाज मंडी में किसानों और आढ़तियों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता ढांडा खाप के पूर्व प्रधान नरेश ढांडा ने की। इस दौरान बड़ी संख्या में किसान और आढ़ती मौजूद रहे जिन्होंने सरकार की ओर से लागू किए जा रहे नए नियमों पर रोष प्रकट किया।
नरेश ढांडा ने कहा कि सरकार लगातार नए-नए नियम लागू कर रही है जिससे किसानों और आढ़तियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ये नियम कृषि व्यवस्था को कमजोर करने वाले हैं और इससे मंडियों का पारंपरिक सिस्टम प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने सरकार से इन फैसलों पर पुनर्विचार करने की मांग की। नरेश ढांडा ने आगे कहा कि 14 अप्रैल को बैसाखी का पर्व है, जो किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण दिन होता है। इस दिन को विरोध के रूप में मनाने का फैसला लिया गया है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर सभी किसान और आढ़ती अपने हाथों पर काली पट्टी बांधकर काला दिवस मनाएंगे और सरकार के खिलाफ शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज करवाएंगे। इस मौके पर भारतीय किसान यूनियन के जिला प्रधान नरेंद्र ढ़ांडा, आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान पवन लाठर मौजूद रहे।