एक ठग ने फर्जी पेटीएम अधिकारी बनकर नरवाना के एक व्यक्ति से पेटीएम व बैंक खाते की डिटेल ले ली और दोनों ही खातों से करीब 36 हजार 819 रुपये निकाल लिए। करीब पंद्रह मिनट की बातचीत के बाद जब युवक के मोबाइल पर पैसे निकलने का मैसेज आया तो युवक ने नरवाना के सिटी थाने में मामले की शिकायत दी। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी नरवाना निवासी अशोक कुमार ने बताया कि वह इलेक्ट्रीशियन है और वह शुक्रवार को पेटीएम से अपने खाते में पैसे ट्रांसफर कर रहा था। जो सही तरीके से नहीं हो पा रहा था। इसके कुछ ही देर बाद करीब 2.30 बजे उसके पास एक फोन आया जिसमें सामने वाले ने खुद को पेटीएम का अधिकारी बताया और उसने खाते की गोपनीय जानकारी मांगी। इस पर परेशान चल रहे युवक ने अपनी समस्या बताई। इसके बाद फर्जी अधिकारी ने सब ठीक करने के लिए पेटीएम और एटीएम की गोपनीय जानकारी मांगी। इस पर अशोक ने भरोसा कर उसे गोपनीय जानकारी दे दी। दोनों ही गोपनीय जानकारी देने के बाद करीब 5-7 मिनट तक फर्जी अधिकारी उससे बात करता रहा। अंत में उसने जानकारी देने के लिए धन्यवाद कर फोन काट दिया। इसके तुरंत बाद ही इन बाक्स में पड़े मैसेज को अशोक ने देखा तो उसके होश उड़ गए। अब तक उसके खाते से 36 हजार 819 रुपये गायब हो चुके थे। इस पर अशोक ने उस नंबर पर दोबारा फोन लगाया तो किसी ने फोन नहीं उठाया। खाते से पैसे निकलने के मैसेज के बाद अशोक ने शहर थाना नरवाना में मामले की शिकायत दी। जिस पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।