जींद। श्री सोमनाथ मंशा देवी मंदिर में नवरात्र की छठ पर वीरवार को भव्य मेले का आयोजन किया गया। इससे पहले भारी संख्या में श्रद्धालुओं ने मंदिर में मां भगवती की पूजा अर्चना की। मंदिर की प्रबंधक समिति ने मेले को देखते हुए पहले ही पुख्ता इंतजाम किए थे, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा अर्चना में किसी प्रकार से कोई दिक्कत नहीं आए।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को देखते हुए आने-जाने के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गई थी। नवरात्र के छठे दिन श्री सोमनाथ मंशा देवी मंदिर में मेला लगता है। यहां पर भारी संख्या में श्रद्धालु माता कात्यायनी की पूजा अर्चना करने के लिए आते हैं। नवरात्र की सप्तमी पर चैत्र व शारदीय नवरात्र में जंयती देवी मंदिर में भी हर वर्ष भव्य मेले का आयोजन किया जाता है। इस बार जयंती देवी मंदिर परिसर में जागरण का आयोजन किया गया है। श्रद्धालु सुबह ही मंदिर परिसर में पहुंच कर मां जयंती की पूजा अराधना करते हैं। मंदिर में नवरात्र के दिनों के दौरान लगने वाले इस मेले में जींद ही नहीं, देश-प्रदेशभर से हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस दिन मंदिर में मां की अर्चना का खास महत्व होने के कारण श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। मां जयंती के नाम से ही शहर का नाम जींद रखा गया है। इसलिए शहरवासियों की कुलदेवी होने के कारण हर वर्ष सप्तमी पर यहां मेला लगता हैं।
करूणा, वात्सल्य व आनंद का भंडार है मां वैष्णो : आचार्य
आचार्य पवन शर्मा ने कहा कि शक्तिस्वरूपा मां वैष्णवी करूणा, वात्सल्य व आनंद का भंडार है। उनसे कुछ भी मांगने की जरूरत नहीं, जरूरत है तो उनके समीप बैठने की, अपने आपको उनके समीप, उनके भीतर अथवा उनको अपने अंदर अनुभव करने की। महायज्ञ में विनोद मंगला, डाॅ. एमएल गेरा, डाॅ. नीलम गुप्ता, डाॅ. नवजोत व डाॅ. अमित गुप्ता, डाॅ. आरएस सिंधवानी व राजेश गर्ग एडवोकेट, हरबंस मंगला, सुरेश कोचर व पूर्ण गिरधर ने सपरिवार भगवती स्कंदमाता की पूजा-अर्चना कर महायज्ञ में आहुति अर्पित की। आचार्य ने कहा कि हम जागरण, चौकी अथवा संकीर्तनों में मां की महिमा का गुणगाान करते हैं, तो क्या यह उनको प्रसन्न करने के लिए हैं, कदापि नहीं। क्योंकि मां तो सदैव प्रसन्न हैं, उनमें अप्रसन्नता की कल्पना करना भी अज्ञानता का सूचक है। हमें मां के दिव्य गुणों का बार-बार स्मरण कर स्वयं अपने भीतर उनका आह्वान करना है।
03जेएनडी10: जयंती देवी मंदिर परिसर में मां की भेंटें सुनते हुए श्रद्धालु। पुजारी