सफीदों। व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से कॉल कर शहर के वार्ड नंबर-11 गीता कॉलोनी निवासी राघव शर्मा (17) से 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। दो दिन में पैसे नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी है। मामले की शिकायत शहर थाना पुलिस को दी है।
एफआईआर में राघव के पिता राकेश शर्मा (25) ने बताया कि उनके पास छह से सात गाड़ियां हैं जिन्हें वह भाड़े पर चलाते हैं। 7 जून को उनके बेटे के फोन पर अज्ञात नंबर (480) 569-8724 से कॉल आया और 15 लाख रुपये की रंगदारी मांगी। इसके बाद 9 जून को सुबह 11 बजे अज्ञात नंबर 60147818221 से फिर व्हाट्सएप कॉल आई और मैसेज आया पर फोन नहीं उठाया।
मैसेज लिख धमकाया
बदमाश ने मैसेज में लिखा कि जय बलकारी, हां भाई तेरे को बताया था दो दिन का समय है तेरे पास। तू हमको इग्नोर कर रहा है। यदि हमारा काम नहीं किया तो तेरे और तेरे परिवार के साथ बहुत बुरा होगा। हमें तुरंत पैसे चाहिए। तू चाहे दिल्ली हो या सफीदों वहीं मरवा देंगे। सोच ले और जल्दी कर। लास्ट 24 घंटे बचे हैं। जय बलकारी। जय गो माता की।