संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिले में आज शराब के 16 जोन के ठेकों की नीलामी होनी थी लेकिन बुधवार को केवल एक ही जोन नंबर 46 के शराब ठेकों की बोली हो पाई। इस शराब ठेके का निर्धारित मूल्य दो करोड़ 47 लाख रुपये रखा गया था, लेकिन इस जोन के शराब ठेके का अधिकतम मूल्य बोली में निर्धारित मूल्य से केवल 11 हजार रुपये ही अधिक मिला। जिसके कारण इस ठेके की ही नीलामी हो पाई। इस जोन में जुलानी व मालवी फाटर के ठेके आते हैं। हालांकि इससे पहले जिले में 34 जोन के ठेकों की नीलामी हो चुकी है। अब तक 34 जोन के ठेकों से जिला आबकारी विभाग को 134 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हो चुका है। हालांकि इन ठेकों का निर्धारित मूल्य 119 करोड़ रुपये रखा गया था। अब आबकारी विभाग के पास 15 जोन के शराब ठेकों की नीलामी होना बाकी है। इनके लिए दोबारा से जिला आबकारी विभाग तारीख तय करेगा कि किस दिन इन शराब के ठेकों की बोली लगाई जाएगी।
बाक्स
जिले के सभी ठेकों की बोली नहीं होने से बढ़े शराब के रेट
जिलेभर में अब तक 15 जोन शराब ठेकों की बोली होना बाकि है। इन ठेकों पर फिलहाल शराब बिक्री नहीं होने के कारण शराब के रेट बढ़े हुए हैं। शहरवासियों को महंगी मदिरा का सेवन मजबूरी में करना पड़ रहा है। शहर के अंदर गोहाना रोड समेत कई शराब के ठेकों की बोली नहीं हुई। जिसके कारण शहर में बीयर व अन्य शराब की बोतलों को पहले से ज्यादा महंगे रेट पर बेचा जा रहा है। इनके रेट पर किसी प्रकार का नियंत्रण नहीं है।
बाक्स
अवैध ब्रिकी रोकने के लिए विभाग ने लिखा पत्र
जिस क्षेत्र में शराब के ठेकों की बोली नहीं हुई। वहां पर अवैध तरीके से शराब बिकने से रुकवाने के लिए आबकारी विभाग ने सीएम फ्लाइंग को पत्र लिखा है, ताकि किसी भी सूरत में शराब के अवैध कारोबार को रोका जा सके।
बाक्स
जिले में अब दोबारा होगी शराब ठेकों की नीलामी
जिले में बुधवार तक 35 शराब के ठेकों की नीलामी हो चुकी है। इसके अतिरिक्त अब 15 शराब के ठेकों की नीलामी होना बाकि है। अब इन शराब के ठेकों की बोली के लिए आगामी तारीख निर्धारित की जाएगी।- शोभिनी माला डीईटीसी।