12वीं कक्षा की शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा में दूसरे के स्थान पर परीक्षा देते पकड़े गए दो युवकों के खिलाफ शहर थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परीक्षा अधीक्षक सुरेश कुमार ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च को 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा थी। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जींद में परीक्षा चल रही थी। इस दौरान घोघड़ियां निवासी प्रिंस दूसरे की जगह परीक्षा देते पाया गया। इसके अलावा कोथ कलां निवासी मुनीष भी दूसरे परीक्षार्थी के स्थान पर परीक्षा देते समय पकड़ा गया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार ने बताया कि पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इसके अलावा शहर के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा में दूसरे की जगह बैठे युवक को ड्यूटी कर्मचारी ने उस समय पकड़ लिया जब वह रोल नंबर की जांच कर रहा था। परीक्षा अधीक्षक राज सिंह ने शहर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 13 मार्च को 12वीं कक्षा के शारीरिक शिक्षा विषय की परीक्षा चल रही थी। उन्हें सूचना मिली कि राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में एक युवक रोल नंबर पर अपनी फोटो लगाकर दूसरे की जगह पर बैठा हुआ है। जब शिकायत के आधार पर परीक्षार्थी के रोल नंबर की जांच की तो परीक्षा में बैठा हुआ युवक फर्जी मिला और पूछताछ में उसने अपना नाम बुआना गांव निवासी जयदीप बताया और वह छात्र अनिल की जगह परीक्षा दे रहा था। जांच अधिकारी एचसी वजीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोनों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।