संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अनुबंधित विद्युत कर्मचारी संघ हरियाणा डिवीजन नरवाना की कार्यकारिणी की बैठक नरवाना डिवीजन के प्रांगण में हुई। अध्यक्षता डिवीजन अध्यक्ष राकेश शर्मा ने की जबकि संचालन उपाध्यक्ष सुशील शर्मा ने किया।
बैठक का उद्देश्य प्रदेश कार्यकारिणी में जिले से सुभाष शर्मा को कार्यकारी अध्यक्ष और लोकेश भ्याण को कार्यालय सचिव चुने जाने पर दोनों पदाधिकारियों को सम्मानित करना रहा। बैठक में सब डिवीजन अध्यक्ष कर्मपाल सिद्धू ने कर्मचारियों को ईपीएफ से जुड़ी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी अनुबंधित कर्मचारी ईपीएफ खाते में नाम, पिता का नाम और वर्तमान पते सही दर्ज करवाएं।
साथ ही उन्होंने जोखिम भरे विद्युत कार्य को देखते हुए ईपीएफ खाते में ई-नॉमिनेशन अनिवार्य रूप से जोड़ने पर जोर दिया ताकि भविष्य में परिवार को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने कहा कि अब पूरा सिस्टम ऑनलाइन हो चुका है और बाद में रिकॉर्ड ठीक करवाने में कर्मचारियों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं।
डिवीजन अध्यक्ष राकेश शर्मा ने बताया कि नरवाना डिवीजन में कई ऐसे कर्मचारी हैं। जिनका कैडर असिस्टेंट लाइनमैन का है लेकिन उनसे पावर हाउस में स्विफ्ट अटेंडेंट की ड्यूटी करवाई जा रही है। प्रदेश कार्यकारिणी से आए कार्यकारी अध्यक्ष सुभाष शर्मा ने कहा कि संगठन स्विफ्ट अटेंडेंट कैडर चेंज, मेडिकल सुविधा और डायरेक्ट रोल के कर्मचारियों के समान कार्य व वेतन दिलवाने के लिए पूरी मजबूती से संघर्ष करेगा।
उन्होंने यह भी बताया कि भारतीय मजदूर संघ ने सर्विस एक्ट कर्मचारी संघ का गठन किया है। इसके माध्यम से कर्मचारियों को और अधिक मजबूती दी जाएगी। इस अवसर पर सागर, योगेश शर्मा, बिल्लू दहिया तथा नरवाना डिवीजन से राकेश शर्मा, कर्मपाल सिद्धू, मनोज श्योकंद आदि मौजूद रहे।