7 जुलाना 03: जुलाना के बाजार में दुकानों के बाहर रखा सामान। संवाद
जुलाना। कस्बे के मुख्य बाजार में दुकानों के बाहर सड़क तक सामान रखने और अस्थायी अतिक्रमण के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। सुबह से शाम तक बाजार में वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं जिससे वाहन चालकों, राहगीरों और खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
बाजार में कई दुकानदार अपनी दुकानों के बाहर फुटपाथ और सड़क के हिस्से तक सामान सजा देते हैं। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहन भी सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़े कर दिए जाते हैं। इससे सड़क संकरी हो जाती है और दो वाहन आमने-सामने आने पर जाम लग जाता है।
सबसे अधिक दिक्कत स्कूल खुलने और छुट्टी के समय के साथ-साथ शाम के समय होती है जब बाजार में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है। जाम के कारण कई बार एंबुलेंस और अन्य जरूरी वाहनों को भी निकलने में परेशानी होती है। महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भी भीड़भाड़ के बीच बाजार से गुजरना मुश्किल हो जाता है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की ओर कई बार प्रशासन का ध्यान दिलाया गया लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकल सका है।
बाक्स
नगरपालिका की ओर से समय-समय पर अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया जाता है। कई दुकानदारों को नोटिस भी दिए जा चुके हैं। इसके बावजूद कुछ लोग दोबारा सड़क पर सामान रखकर अवैध कब्जा कर लेते हैं। जल्द ही विशेष अभियान चलाकर सड़क पर रखा सामान जब्त किया जाएगा।
- सौरभ जैन, सचिव नपा जुलाना।