जींद में मुठभेड़ के बाद घायल हुए आरोपी
- फोटो : संवाद
जींद जिले में ग्रामीणों के लिए सिर दर्द बन चुके पशु चोर गिरोह के तीन सदस्यों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। इस मुठभेड़ में दो आरोपी गोली लगने से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, जबकि एक पशु चोर भागते हुए गिर कर घायल हो गया।
पशु चोरों ने पीछा कर रही पुलिस पर की फायरिंग
डीएसपी संजय कुमार ने रविवार को प्रेसवार्ता बताया कि शनिवार रात 11 बजे डिटेक्टिव स्टाफ की टीम गांव बिशनपुरा में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि कुछ लोग गाड़ी में पशुओं को भरकर चोरी कर ले जा रहे हैं। सूचना के आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ ने पशु चोरों की गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया, तभी पशु चोरों ने पुलिस को अपने पीछे आता देख उनपर फायरिंग कर दी।
पुलिस फायरिंग में दो आरोपियों के पैर में लगी गोली
डिटेक्टिव स्टाफ ने भी इसके जवाब में पशु चोरों पर फायर किए। इसमें गांव अकबरपुर सुनहेटी, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी फुरकन उर्फ मिर्ची तथा गांव बढ़ेड, जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी कामिल को पैर में गोली लगी, वहीं तीसरा आरोपी कैराना जिला शामली (उत्तर प्रदेश) निवासी सोहेल भागते हुए गिर गया और उसके पैर में फैक्चर हो गया।
पुलिस ने तीनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि पशु चोरों के खिलाफ अलग-अलग थानों में चोरी, पुलिस से मुठभेड़ समेत 30-35 एफआईआर दर्ज है।