स्वास्थ्य विभाग में एमजे सोलंकी आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कर्मचारियों को हटाए जाने के विरोध में नागरिक अस्पताल में सिविल सर्जन कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना शनिवार को 14वें दिन भी जारी रहा। शनिवार को धरने की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आर्य कुलदीप व मंच संचालन सोनू बूरा ने किया। शनिवार को आंदोलन के समर्थन में स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा से संबंधित भारतीय मजदूर संघ की बैठक ऑनलाइन की गई, जिसमें दो जुलाई को स्वास्थ्य विभाग के महानिदेशक के पंचकूला स्थित कार्यालय को घेरने का फैसला लिया गया।
कर्मचारी नेता विनोद शर्मा ने कहा कि सभी वक्ताओं ने स्वास्थ्य विभाग व एमजे सोलंकी आउटसोर्सिंग कंपनी को कोसते हुए नारेबाजी की और कहा कि राजस्थान में भ्रष्टाचार का मामला उजागर होने के बाद कंपनी को ब्लैक लिस्ट करके दिया गया टेंडर रद्द किया जाए व 31 मई को स्वास्थ्य कर्मचारी संघ हरियाणा की जिला कमेटी व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के बीच कर्मचारियों की मांगों को लेकर लिखित समझौता होने के बावजूद मनमानी तरीके से कर्मचारियों को हटाया गया। इसका प्रत्यक्ष प्रमाण संघ की सफीदों इकाई के अध्यक्ष विकास कुमार को निराधार शिकायतों के आधार पर हटाना व पुराने कर्मचारियों की लिस्ट जारी नहीं करना है। उन्होंने कहा कि जब तक कर्मचारियों की मांग पूरी नहीं होती उनका धरना जारी रहेगा। इस अवसर पर दिनेश, रीना, सुरेंद्र, कमलेश, सलिंद्र, शीतल, सोनिया, मंजू, संदीप, अमित, आशीष, राखी, मुकेश, प्रवीण, नसीब, जितेंद्र, संजय व कोमल भी मौजूद रहे।