जींद। रेलवे स्टेशन के मुख्य गेट के पास तीन अज्ञात युवकों ने कुरुक्षेत्र निवासी कुलदीप सिंह पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। हमलावरों ने उन्हें जातिसूचक शब्द भी कहे और जान से मारने की धमकी दी। जीआरपी ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
कुलदीप सिंह ने एफआईआर में बताया कि वह एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। पिछले दिनों वह टीम विजिट के सिलसिले में कुरुक्षेत्र से जींद आए थे। जींद पहुंचने से पहले उनकी कंपनी के कुछ कर्मचारियों से फोन पर बातचीत हो रही थी। आरोप लगाया कि रेलवे स्टेशन से बाहर निकलने के बाद कुछ दूरी पर सड़क पर खड़े थे। इसी दौरान तीन अज्ञात युवक उनके पास आए।
आरोप है कि उनके हाथों में तेजधार हथियार थे और उन्होंने जातिसूचक गालियां देते हुए हमला कर दिया। हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर चोटें आईं। थाना प्रभारी चरण सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात तीन युवकों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत अन्य धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।