जींद। हरियाणा एग्रीकल्चर ऑफिसर्स एसोसिएशन की वार्षिक/जनरल बॉडी की बैठक शनिवार को हमेटी में हुई। प्रदेशभर के कृषि विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया और विभाग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक की अध्यक्षता एसोसिएशन के अध्यक्ष सुनील कुमार मान ने की। कहा कि संगठन का उद्देश्य कृषि अधिकारियों के हितों की रक्षा के साथ विभाग को मजबूत बनाना है। कृषि क्षेत्र में आ रही सामाजिक व व्यक्तिगत समस्याओं के अलावा सेवा संबंधी मामलों, पदोन्नति, वेतन विसंगतियों और कार्य परिस्थितियों जैसे अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। अधिकारियों ने समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।
कृषि अधिकारियों की भूमिका को किसानों और सरकार के बीच एक मजबूत कड़ी बताते हुए कहा कि बदलते समय में कृषि क्षेत्र कई चुनौतियों का सामना कर रहा है। इनसे निपटने के लिए अधिकारियों को पर्याप्त संसाधन और सहयोग मिलना जरूरी है। उन्होंने विभागीय ढांचे को सुदृढ़ करने की आवश्यकता भी जताई।
बैठक में कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए। इनमें सेवा शर्तों में सुधार, विभाग में रिक्त पदों को शीघ्र भरने और अधिकारियों के हितों की रक्षा से संबंधित मांगें प्रमुख रहीं। एसोसिएशन ने सरकार से इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई करने का आग्रह किया। इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र पाल (गुणवत्ता नियंत्रण निरीक्षक), डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. बाल मुकंद कौशिक मौजूद रहे।