संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बिजली निगम नगूरां ने डिफाल्टर उपभोक्ताओं से बकाया बिलों की वसूली के लिए सख्ती करने की तैयारी कर ली है। निगम की ओर से एक नवंबर से विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत बकाया बिल जमा नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अभियान में पंचायतों और सरपंचों का सहयोग भी लिया जाएगा।
बिजली निगम नगूरां के एसडीओ आनंद कुमार ने बताया कि निगम क्षेत्र में उपभोक्ताओं की तरफ करीब 331 करोड़ रुपये बकाया हैं। बार-बार नोटिस देने के बावजूद कई उपभोक्ता बिल जमा नहीं करवा रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर बकाया वसूली की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, डिफाल्टर सरकारी विभागों को भी नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा कराने के लिए कहा जाएगा।
घरेलू उपभोक्ताओं की तरफ करीब 160 करोड़ रुपये बकाया हैं। एनडीएस उपभोक्ताओं पर 64 लाख रुपये, एलटी उपभोक्ताओं पर 30 लाख रुपये और कृषि उपभोक्ताओं पर पांच लाख रुपये बकाया हैं। इसके अलावा अन्य उपभोक्ताओं पर भी बकाया है। निगम की ओर से एक नवंबर से एनडीएस, एलटी और कृषि श्रेणी के डिफाल्टर उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन काटने की कार्रवाई भी की जाएगी। इसके लिए निगम कार्यालय स्तर पर तैयारी की जा रही है।