संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। बिजली निगम ने बुधवार को बिजली चोरी पकड़ो अभियान चलाया। इसके तहत निगम की टीम ने जींद और सफीदों डिविजन में कुल 185 कनेक्शन चैक किए, जिनमें 29 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई। इस पर टीम ने चोरी करने वाले उपभोक्ताओं पर 23 लाख रुपये का जुर्माना ठोका। वहीं नरवाना डिविजन में यह अभियान नहीं चला, क्योंकि पिछले दिनों धमतान साहिब में बिजली चोरी पकडऩे गई टीम के साथ ग्रामीणों की नोंक-झोंक हुई थी। अधीक्षण अभियंता प्रमोद कुमार ने बताया कि निगम कर्मचारियों ने जींद सर्कल में बिजली पकड़ो अभियान के तहत 185 कनेक्शन चैक किए, जिनमें 29 जगह बिजली चोरी पकड़ी गई। उन उपभोक्ताओं पर 23 लाख जुर्माना लगाया गया। अभियान केवल जींद और सफीदों डिविजन में चलाया गया था। यह अभियान वीरवार को भी जारी रहेगा।