जींद। वार्ड-14 निवासी 80 वर्षीय हवा सिंह को डिजिटल अरेस्ट कर साइबर ठगों ने 98.25 लाख रुपये ऐंठ लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
बुजुर्ग हवा सिंह ने बताया कि वह मार्केटिंग सोसायटी से सेवानिवृत हैं। 12 मार्च को मोबाइल फोन पर अज्ञात लोगों ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट कर कहा कि उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज है और उनके खाते में मनी लॉन्ड्रिंग का पैसा आया हुआ है। उनके पास जितने भी पैसे हैं वह एक बार उन्हें ट्रांसफर कर दें। यह पैसा उनके पास सुरक्षित रहेगा और इस मामले का निपटारा होने के बाद यह पैसा उन्हें वापस कर दिया जाएगा।
साइबर ठगी करने वाले लोगों ने उसे स्पष्ट तौर पर बताया कि उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया जा रहा है और वह उनकी निगरानी में रहेंगे। वह साइबर ठगों के झांसे में आ गया और उन्होंने 98 लाख 25 हजार रुपये उनके कहे अनुसार उनके द्वारा बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए। उन्होंने बताया कि उन्हें 12 से लेकर 19 मार्च तक डिजिटल अरेस्ट करके रखा।
बाद में जब इस बात का एहसास हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई है तो उसने साइबर सेल की मदद ली। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी करने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।