जींद। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग को आठ लोगों की डेंगू पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है। इसके साथ ही जिले में इस वर्ष अब तक 472 मामले आ चुके हैं। टीम ने लोगों से इसके बचाव के लिए एहतियाती उपाय करने की सलाह दी है।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार को स्वास्थ्य विभाग को अहीकर गांव निवासी 25 वर्षीय युवक, निम्नाबाद निवासी 13 वर्षीय किशोरी, मॉडल टाउन निवासी 42 वर्षीय महिला, ढाकल निवासी 43 वर्षीय व्यक्ति, ईंटल खुर्द निवासी 18 वर्षीय युवक, भारत नगर जींद निवासी 28 वर्षीय महिला, राम कॉलोनी निवासी 15 वर्षीय किशोरी तथा तांगा चौक निवासी 18 वर्षीय युवती की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शहर के तांगा चौक, भारत नगर व हनुमान गली में घर-घर जाकर डेंगू रोकथाम के साथ-साथ अनीमिया, मधुमेह व ब्लड प्रेशर की जांच करते हुए स्वास्थ्य कार्यक्रम की जानकारी दी और लोगों को बीमारियों से बचाव के प्रति जागरूक किया। स्वास्थ्य कर्मी अमरजीत, गुरनाम, जगदीप, दिनेश, ओमप्रकाश, प्रदीप शर्मा, मंजू रानी, मुकेश, रानी, शीला, नीलम आदि की टीम ने मच्छर जनित बीमारियों सहित, डायरिया, पीलिया, कुपोषण, टीबी, शुगर, उच्च रक्तचाप के बचाव व रोकथाम की जानकारी दी। स्वास्थ्य निरीक्षक राममेहर वर्मा, रामकुमार और बिमला देवी ने बताया कि डेंगू प्रकोप ज्यादा न फैले, इसके लिए लोगों को अपने आसपास व घर के अंदर साफ-सफाई रखते हुए किसी भी जगह पानी एकत्रित नहीं होने देना चाहिए। सप्ताह में एक दिन ड्राई डे मनाएं। इस दौरान टीम ने बुखार पीड़ित लोगों के सैंपल भी लिए।