जींद। छठी से 12वीं कक्षा तक होने वाले सेट (स्टूडेंट एसेस्मेंट टेस्ट) को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने डेटशीट जारी कर दी है। यह परीक्षा दस दिसंबर से लेकर 16 दिसंबर तक होंगी। जिलेभर में यह परीक्षा 28 हजार से ज्यादा विद्यार्थी देंगे। इसके लिए निदेशालय ने जिला शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर सभी तैयारियों को परीक्षा से पहले पूरी करने के निर्देश दिए हैं। इस परीक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों के शिक्षा स्तर का आकलन किया जाएगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा की डेटशीट को सभी स्कूलों में विद्यार्थियों के साथ साझा करने के निर्देश दिए हैं। इसमें विद्यालय स्तर पर सेट की तैयारी पूरी करने के लिए कहा गया है। परीक्षा करवाने के लिए डेटशीट भेजकर स्कूल मुखियाओं को अलर्ट करने के निर्देश दिए हैं। निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि इस मामले में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए। इसके अतिरिक्त सेट के अंक अवसर एप पोर्टल पर अपलोड करवाने की जिम्मेदारी विद्यालय मुखिया या प्रभारी की रहेगी।
बॉक्स
यह रहेगा परीक्षा का शेड्यूल
छठी कक्षा की परीक्षा :
दस दिसंबर को गणित, 11 दिसंबर को हिंदी, 12 दिसंबर को गणित और ड्राइंग, 13 दिसंबर को संस्कृत व सामाजिक विज्ञान और 16 दिसंबर को अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
सातवीं कक्षा : दस दिसंबर को सामाजिक विज्ञान, 11 दिसंबर को गणित, 12 दिसंबर को हिंदी और विज्ञान, 13 दिसंबर को अंग्रेजी व संस्कृत और 16 दिसंबर को ड्राइंग विषय की परीक्षा होगी।
आठवीं कक्षा : 10 दिसंबर को हिंदी, 11 दिसंबर को अंग्रेजी, 12 दिसंबर को गणित व सामाजिक विज्ञान, 13 दिसंबर को विज्ञान व ड्राइंग और 16 दिसंबर को संस्कृत, उर्दू और पंजाबी विषय की परीक्षा होगी।
9वीं कक्षा : दस दिसंबर को गणित, 11 दिसंबर को संस्कृत, उर्दू, पंजाबी, 12 दिसंबर को हिंदी व विज्ञान, 13 दिसंबर को सामाजिक विज्ञान व अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी।
10वीं कक्षा : दस दिसंबर को सामाजिक विज्ञान, 11 दिसंबर को अंग्रेजी, 12 दिसंबर को गणित व हिंदी, 13 दिसंबर को विज्ञान, संस्कृत, उर्दू व पंजाबी विषय की परीक्षा होगी।
11वीं कक्षा : दस दिसंबर को अंग्रेजी, इकॉनोमिक्स-होम साइंस, 11 दिसंबर को गणित-बायोलॉजी-पॉलिटिकल साइंस-पब्लिक एड, फाइन आर्ट-म्यूजिक-साइकोलॉजी, 12 दिसंबर को सोश्योलॉजी-बिजनेस स्टडी-केमिस्ट्री, संस्कृत-पंजाबी-उर्दू, 13 दिसंबर को हिस्ट्री-फिजिक्स-अकाउंटस, हिंदी, 16 दिसंबर को कंप्यूटर साइंस-ज्योग्राफी व एनएसक्यूएफ विषय की परीक्षा होगी।
12वीं कक्षा :
दस दिसंबर को गणित-बायोलॉजी-पॉलटीकल साइंस-पब्लिक एड, संस्कृत-पंजाबी-उर्दू, 11 दिसंबर को इतिहास-फिजिक्स-अकाउंटस, एनएसक्यूएफ, 12 दिसंबर को अंग्रेजी व हिंदी, 13 दिसंबर को सोश्योलॉजी-बिजनेस स्टडी-केमिस्ट्री, इकोनॉमिक्स-होम साइंस, 16 दिसंबर को फाइन आर्ट-म्यूजिक-साइकॉलोजी-कंप्यूटर साइंस व ज्योग्राफी विषय की परीक्षा होगी।
बॉक्स
सेट परीक्षा दस दिसंबर से होगी शुरू
सेट परीक्षा दस दिसंबर से शुरू होगी। इसके लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने शेड्यूल जारी किया है। दस दिसंबर से लेकर 16 दिसंबर तक विद्यार्थियों की परीक्षाएं होंगी। परीक्षाओं को लेकर विद्यालय मुखियाओं को निर्देश जारी किए जाएंगे। इन परीक्षाओं से विद्यार्थियों के शिक्षा के स्तर का आकलन किया जाएगा। जिस विषय में विद्यार्थी कमजोर होगा, उसको दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
-डॉ. सुभाष वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।