शिक्षा विभाग द्वारा हाल ही में जिला स्तर पर आयोजित की गई जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों पर शिक्षा विभाग शिकंजा कसेगा। जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों को शिक्षा विभाग द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसके लिए शिक्षा विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जिलेभर से 50 से ज्यादा स्कूल ऐसे हैं जिनके विद्यार्थियों ने इस प्रदर्शनी में प्रतिभागिता नहीं की। अकेले जुलाना ब्लॉक से दर्जन भर से ज्यादा स्कूल ऐसे हैं, जिनको जुलाना के खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसमें निजी स्कूलों के साथ-साथ तीन स्कूल सरकारी भी शामिल हैं।
विज्ञान के क्षेत्र में विद्यार्थियों की रुचि बनाने के लिए विज्ञान एवं तकनीकी विभाग द्वारा इंस्पायर अवॉर्ड के लिए हर वर्ष खंड, जिला तथा राज्य स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाता है। विज्ञान एवं तकनीकी विभाग द्वारा विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को मॉडल तैयार करने के लिए पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी मुहैया करवाई जाती है।
इसके लिए सभी स्कूल खंड शिक्षा अधिकारी को अपने-अपने स्कूलों के टॉपर विद्यार्थियों के नाम देते हैं। इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा विद्यार्थियों का चयन जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी के लिए किया जाता है। जिला स्तर की प्रतियोगिता के लिए नाम चयन के बाद विज्ञान एवं तकनीकी विभाग द्वारा विद्यार्थियों को पांच-पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाती है। इसी कड़ी के तहत शिक्षा विभाग द्वारा दो सितंबर से जिला स्तर पर सुप्रीम स्कूल में तीन दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया था।
जिन-जिन विद्यार्थियों को विभाग की तरफ से सहायता राशि भेजी गई थी उन विद्यार्थियों के लिए इस प्रदर्शनी में शामिल होना अनिवार्य था लेकिन इस विज्ञान प्रदर्शनी में जिले भर से 50 से ज्यादा ऐसे स्कूल थे जिन्होंने भाग नहीं लिया। विभाग से सहायता राशि लेकर प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों पर अब शिक्षा विभाग द्वारा शिकंजा कसने की तैयारी की गई है। प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों का चयन कर विभाग की तरफ से उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
जुलाना हलके में दर्जन भर से ज्यादा स्कूलों ने नहीं लिया भाग
जिलेभर से 50 से ज्यादा ऐसे स्कूल हैं जिन्होंने जिला स्तरीय प्रदर्शनी में भाग नहीं लिया। अकेले जुलाना ब्लॉक से दर्जनभर से ज्यादा स्कूल हैं। विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने पर जुलाना खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा इन स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। इन स्कूलों में निजी स्कूलों के साथ-साथ तीन स्कूल सरकारी भी हैं, जिनके बच्चों ने जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में भाग नहीं लिया।
जिला स्तरीय विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं। विभाग की तरफ से कार्रवाई के जो आदेश मिलेंगे उसके अनुसार विज्ञान प्रदर्शनी में शामिल नहीं होने वाले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जोगेंद्र हुड्डा, जिला शिक्षा अधिकारी, जींद।