जींद। समग्र शिक्षा में कार्यरत कर्मचारियों को रेगुलराइजेशन की पॉलिसी में शामिल करें अन्यथा समग्र शिक्षा में कार्यरत कर्मचारियों को आंदोलन करना पड़ेगा। हरियाणा स्कूल शिक्षा एसोसिएशन के वरिष्ठ राज्य प्रधान सुरेंद्र दुल ने कहा कि सरकार द्वारा मांगों के प्रति अनदेखी के विरोध में समग्र शिक्षा में कार्यरत सभी कर्मचारी राज्य, जिला, ब्लॉक व क्लस्टर स्तर पर 29 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर सांकेतिक रूप में विरोध प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि फिर भी सरकार उनकी मांगों के प्रति कोई सकारात्मक रूख नहीं अपनाती है तो एक अगस्त को पेन डाउन हड़ताल की जाएगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा एसोसिएशन के प्रतिनिधि मंडल ने नौ जुलाई को मुख्यमंत्री सहित तमाम अधिकारियों से मिलकर अपनी मांगों बारे ज्ञापन सौंपा था। कर्मचारियों को उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब सरकार अपने वादे से पीछे हटते हुए दिख रही है। ऐसे में 29 जुलाई को काले बिल्ले लगाकर सांकेतिक रूप मे विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। संवाद