04जेएनडी29: पौधारोपण कर पौधे में पानी देते हुए विक्की कुमार। संवाद।
नरवाना। बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र के बीच जिले के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ईंटल कलां में कार्यरत शिक्षक विक्की कुमार का संकल्प पर्यावरण संरक्षण की प्रेरक मिसाल बन गया है।
हिसार जिले के नारनौंद क्षेत्र के रहने वाले विक्की कुमार ने अपनी बेटी अन्वी के जन्म (15 नवंबर 2024) को यादगार बनाने के लिए हर दिन एक पौधा लगाने का संकल्प लिया। उन्होंने प्रण लिया कि वे अपनी बेटी के नाम पर प्रतिदिन एक पौधा लगाएंगे और उसकी नियमित देखभाल भी स्वयं करेंगे।
अब तक उन्होंने 567 दिनों में 567 पौधे लगाए हैं। विक्की का कहना है कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है बल्कि उनकी सिंचाई, सुरक्षा और संरक्षण भी उतना ही आवश्यक है ताकि वे स्वस्थ वृक्ष बन सकें और पर्यावरण को वास्तविक लाभ पहुंचा सकें।
खास बात यह है कि उन्होंने अपनी बेटी का नाम अन्वी रखा, जिसका अर्थ वन की देवी होता है। उनकी इस मुहिम का प्रभाव अब आसपास के गांवों और युवाओं पर भी दिखाई दे रहा है। कई लोग जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ और अन्य विशेष अवसरों पर पौधरोपण करने लगे हैं।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर विक्की कुमार ने संदेश दिया कि पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़े संसाधनों की नहीं बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति की आवश्यकता होती है। यदि हर व्यक्ति अपने जीवन के महत्वपूर्ण अवसरों पर पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प ले तो आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य दिया जा सकता है।