हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जमीन सौदे में हुई गड़बड़ी की जांच के लिए प्रदेश सरकार द्वारा गठित जस्टिस ढींगरा आयोग से सरकार ने रॉबर्ट वाड्रा और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को बचाने की कोशिश की है। इस आयोग का असंवैधानिक रूप से गठन करके बीजेपी सरकार केवल खानापूर्ति कर रही है। अपने गोद लिए मखंड गांव रवाना होने से पहले पार्टी कार्यालय में सांसद दुष्यंत चौटाला ने राज्यसभा चुनावों के सवाल पर कहा कि चौधरी भजनलाल के शासन काल में आयाराम-गयाराम की स्थिति थी। राज्यसभा चुनावों में भाजपा और कांग्रेस ने मिलीभगत करके फिर से प्रदेश में वही स्थिति पैदा कर दी है। इन लोगों को जनता से कोई लेना-देना नहीं है, ये राजनेता केवल अपने स्वार्थ पूर्ति के लिए काम करते हैं। इनेलो अपने स्टैंड पर कायम रही और उसने एक मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाई है और इनेलो हमेशा जनता के हितों को ध्यान में रखकर ही काम करती है। प्रकाश सिंह कमेटी द्वारा रिपोर्ट में उनका नाम के जिक्र पर दुष्यंत ने कहा कि रिपोर्ट के पेज नंबर 20 पर उनका नाम सरकार ने रिपोर्ट नहीं हटाया है, बल्कि एक अन्य पेज रिपोर्ट में जोड़कर कोरिजेंडम एड किया है। इसके लिए कमेटी के सभी सदस्यों और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज करवा चुके हैं। इस मामले में विशेषज्ञों से राय लेकर आगे की कार्रवाई करेंगे। इस मामले को वे लोकसभा में उठाएंगे और सभी से सवाल-जवाब किए जाएंगे।
सरकार आंदोलनकारियों को डरा रही है
जाट आरक्षण मामले पर दुष्यंत ने कहा कि इनेलो ने आंदोलनकारियों को अपना खुलकर समर्थन दिया है और उनसे शांति से अपना आंदोलन चलाने की अपील की है। चौटाला ने कहा कि बीजेपी सरकार केवल जाटों को बरगलाने का काम कर रही हैं, आरक्षण देने की खोखली बातें की जा रही हैं। सरकार आंदोलनकारियों को डराने - धमकाने का प्रयास कर रही है।
सरकार बन रही विकास कार्यों में बाधा
दुष्यंत चौटाला ने कहा कि उन्होंने हिसार लोकसभा क्षेत्र के लिए अनेक विकास कार्यों की मंजूरी के लिए प्रस्ताव भेजे हैं, लेकिन काफी कामों में ऑब्जेक्शन लगाकर उनको मना किया जा रहा है। विकास कार्यों में सरकार बाधा बन रही है, जबकि विकास के नाम पर भाजपा सरकार खोखले दावे कर रही है। जो व्यक्ति विकास कार्य करवाना चाहता है, उसे सरकार रोकने का काम कर रही है। केंद्र और प्रदेश सरकार की मंशा साफ नहीं है।
योजनाओं पर काम हुआ तो मखंड बनेगा दो साल बाद देश का सबसे सुंदर गांव
उचाना। सांसद दुष्यंत चौटाला मंखड गांव में विकास परियोजनाओं की समीक्षा करने पहुंचे। यहां विभिन्न विभागों के पहुंचे अधिकारियों से गांव में होने वाले कामों को लेकर जानकारी ली। एसडीएम नरवाना बीर सिंह भी बैठक में मौजूद रहे। दुष्यंत ने कहा कि मखंड गांव के विकास को लेकर जो योजनाएं बनाई गई हैं, उन योजनाओं पर अगर सरकार काम करती है, तो दो साल बाद मखंड गांव देश का सबसे सुंदर गांव होगा। सरकार की नियत में खोट होने के चलते आज विकास मखंड ही नहीं, बल्कि प्रदेश के किसी भी गांव व शहर का विकास नहीं हो रहा है। सरकार प्रचार, प्रसार की तरफ अधिक ध्यान दे रही है, जबकि काम की तरफ कम ध्यान दे रही है। मखंड गांव के स्कूल को अपग्रेड करने के लिए फाइल को भेजे एक साल हो चुका है, लेकिन अभी तक उस पर कुछ नहीं हुआ है। इस तरह की अनेक फाइलें मखंड के विकास को लेकर कार्यालयों में हैं।
शिक्षा मंत्री जी प्लीज मखंड की बेटियों के स्कूल की चार दीवारी बनवाओ
प्लीज शिक्षा शिक्षा मंत्री आप बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के प्रचार के साथ-साथ बेटियों के स्कूलों की तरफ भी ध्यान दो। मखंड गांव में बेटियों के स्कूल की चार दीवारी बनाए। यह लाइनें सांसद दुष्यंत चौटाला ने बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत चलाए गए हस्ताक्षर अभियान में हिस्सा लेते हुए कहा। सांसद ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में कोई बेटियों का स्कूल तक अग्रपेड नहीं हुआ है।