पत्रकारों से बातचीत करते ओमप्रकाश धनखड़।
- फोटो : Jind
इस समय प्रदेश में भाजपा की सरकार है। भाजपा ही बरोदा का विकास करवा सकती है। अपने दस साल के शासन काल में कभी भी भूपेंद्र हुड्डा ने बरोदा पर ध्यान नहीं दिया, केवल किलोई का ही विकास किया। हुड्डा की टिकट दिलाने के मामले में भी नहीं चली। अब विकास के हुड्डा खोखले दावे कर रहे हैं। यह बात भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने किसान उत्पादक संगठन की बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कही।
उन्होेंने कहा कि भाजपा ने बरोदा में एक युवा खिलाड़ी को मैदान में उतारा है। योगेश्वर दत्त ने खेल में भी देश का नाम रोशन किया है, अब वह विधायक बनकर बरोदा का नाम रोशन करेंगे। योगेश्वर दत्त किस समय कौन सा दांव लगा दें, यह विरोधियों को जब तक पता चलेगा, तब तक वे चारों खाने चित हो चुके होंगे। भूपेंद्र सिंह हुड्डा आज बरोदा की बात करते हैं, लेकिन दस साल तक जब वह मुख्यमंत्री थे तो उनको बरोदा की याद नहीं आई। बरोदा के लोग आज भी कहते हैं कि किलोई की सड़कें अधिक चौड़ी हुई थी, लेकिन बरोदा की सड़कें हुड्डा के शासनकाल में सिकुड़ने के अलावा टूट-फूट गई थीं। अब बरोदा के लोग जागरूक हो गए हैं। वह विकास चाहते हैं, इसलिए भाजपा का उम्मीदवार बरोदा की जनता के सहयोग से भारी मतों से विजयी होगा। एक सवाल के जवाब में धनखड़ ने कहा कि भाजपा की किसी के साथ टक्कर नहीं है।