जींद। भिवानी रोड पर होने वाले जलभराव की समस्या से अब स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है। सोमवार को यहां लोगों द्वारा जाम लगाने पर रात को ही नगर परिषद ने पाइप लाइन दबा दी, लेकिन सुबह लोगों ने यह कहते हुए विरोध कर दिया कि पाइप लाइन कम क्षमता की है। इस पर यहां लगे मजदूरों को काम से रोक दिया, लेकिन नगर परिषद के एमई व जेई ने लोगों को समझाकर दोबारा काम शुरू करवा दिया।
दरअसल पिछले करीब एक साल से भिवानी रोड पर जलभराव की समस्या है। यहां गंदा पानी सीवर में जाने की बजाय गलियों व सड़क पर ही ठहर जाता है। इसको लेकर पिछले दो महीने में लोगों द्वारा सोमवार को पांचवीं बार जाम लगाया गया। इसके बाद नगर परिषद ने पाइप लाइन डालने का काम शुरू कर दिया। यहां छह एमएम से लेकर 12 इंची की पाइप लाइन डाली जा रही है। भिवानी रोड के लोगों ने कहा इस लाइन से पानी की निकासी नहीं हो पाएगी। इस पर मौके पर पहुंचे नगरपरिषद के एमई भूपेंद्र सिंह व जेई हवा सिंह ने लोगों को पानी निकासी की पूरी तकनीक व तरीके के बारे में बताया। इसके बाद लोग शांत हो गए।
नहीं होगी समस्या
पाइप लाइन क्षेत्र से निकलने वाले गंदे पानी के अनुसार ही डाली गई है। इससे पानी आसानी से निकल जाएगा। अधिक परिधि वाले पाइप दबाने के लिए काफी गहरा खोदना पड़ता है। पाइप लाइन की क्षमता काफी है लोगों को दिक्कत नहीं होगी।
हवा सिंह, जेई, जींद नगर परिषद।