12जेएनडी29: ग्रामीणों से मिलते हुए रणदीप सिंह सुरजेवाला। स्रोत कार्यकर्ता।
नरवाना। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि भाजपा सरकार के नकारेपन के चलते हरियाणा के युवाओं को नशे का नासूर निगलता जा रहा है। प्रदेश में फैला नशे का जानलेवा जहर दिन-प्रतिदिन भयावह रूप ले रहा है। अखबारों की सुर्खियां तक सिहरन पैदा कर रही हैं लेकिन सरकार आंख मूंदे बैठी है।
सोमवार को नरवाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों व शहर में सामाजिक कार्यक्रमों में पहुंचे सुरजेवाला ने कहा कि युवाओं को पहले गोलियों के रूप में नशे की लत लगाई गई फिर इंजेक्शन के जरिए नशा नसों में उतारकर उन्हें मौत के मुंह में धकेला जा रहा है। एक ही इंजेक्शन के कई युवकों द्वारा इस्तेमाल से काला पीलिया और एचआईवी जैसी गंभीर बीमारियां फैल रही हैं।
कई मामलों में नसें ब्लॉक हो जाने से हाथ-पांव तक गलने की नौबत आ रही है। उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में बड़ी संख्या में युवाओं की मौत नशे के ओवरडोज से हुई है। नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज के लिए पहुंचे हजारों युवाओं को पर्याप्त सुविधाएं न होने के कारण भर्ती तक नहीं किया जा सका। 15 से 25 वर्ष आयु वर्ग के युवा सबसे ज्यादा चपेट में हैं।
स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चे भी बीड़ी-सिगरेट से शुरू होकर स्मैक और इंजेक्शन तक पहुंच रहे हैं। रोजाना हजारों रुपये नशे में खर्च करने के लिए अपराध की राह अपनानी पड़ रही है। इससे पहले सुरजेवाला गांव गढ़ी में शोक सभा में शामिल हुए। धमतान साहिब व लोन में कार्यकर्ताओं से मिले और नरवाना शहर में वैवाहिक कार्यक्रम में शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जनता के दुख-सुख में साथ खड़ा होना ही सच्ची मानवता है।