अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत डीआरएम ने किया जंक्शन का निरीक्षण
यात्रियों की सुविधा के लिए रूम, शेड व एटीएम लगवाने के दिए निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जींद जंक्शन के नवीनीकरण को लेकर रेलवे की डीआरएम डिंपी गर्ग ने बुधवार को निरीक्षण किया। नवीनीरण के बाद जींद जंक्शन पर यात्रियों के लिए सुविधाओं में विस्तार किया जाएगा। यात्रियों के लिए जंक्शन परिसर में बड़ा वेटिंग हाॅॅल बनाया जाएगा। रिफ्रेशमेंट रूम व कर्मचारियों के आराम करने के लिए भी कमरे बनाए जाएंगे। यात्रियों के लिए शेड बनाए जाएंगे और स्टाॅल भी खुलेंगे।
डीआरएम ने कहा कि जींद जंक्शन की पुरानी बिल्डिंग होने के चलते इसे दोबारा से बनाए जाने पर विचार किया जा रहा है। इस समय जींद जंक्शन पर एक ही पुल है। ऐसे में अधिकारियों का प्रयास है कि जींद जंक्शन पर एक और पुल बनाया जाए। यात्रियों की सुविधा के लिए स्वचलित सीढि़यां लगाई जाएंगी, जिससे बुजुर्गों व महिलाओं के अलावा भारी सामान लेकर चलने वाले यात्रियों को भी एक से दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने पर आसानी होगी। इसके अलावा डीआरएम ने उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन की मांग पर जींद जंक्शन में एटीएम लगाने की मंजूरी दे दी है। बैंक अधिकारी जंक्शन परिसर में एटीएम लगवाने को लेकर रेलवे अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। जींद जंक्शन पुराने रेलवे स्टेशनों में से एक है। ऐसे में रेलवे द्वारा अमृत भारत योजना के तहत जींद जंक्शन का जीर्णोद्धार किया जाएगा।
उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने सौंपा ज्ञापन
उत्तर रेलवे मजदूर यूनियन ने प्रधान एसके गोयल व सचिव सचिन ढुल की अध्यक्षता में मांगों को लेकर डीआरएम डिंपी गर्ग को ज्ञापन सौंपा। सचिन ढुल ने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि स्टाफ की मांग अनुसार ट्रेन जींद को दी जाए, जिससे यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी और रनिंग रूम की जगह बनी रहेगी।
डीआरएम डिंपी गर्ग ने बुधवार को भी अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जींद जंक्शन का निरीक्षण किया था। इसके तहत जींद जंक्शन पर यात्रियों के लिए काफी सुधार किया जाएगा। जंक्शन की बिल्डिंग पुरानी है, ऐसे में अधिकारी जींद जंक्शन की पूरी बिल्डिंग को दोबारा से बनाने पर भी विचार कर रहे हैं। रेलवे अधिकारियों की मंजूरी के बाद जंक्शन पर जीर्णोद्धार कार्य शुरू किया जाएगा।
- जयप्रकाश, स्टेशन अधीक्षक जींद जंक्शन