जींद। पांडु पिंडारा के पास स्थित नए बस अड्डे की सबसे बड़ी समस्या पेयजल का अब स्थायी समाधान हो जाएगा। रोडवेज की तरफ से बस अड्डे पर दो बड़े वाटर कूलर लगाए जाएंगे। बस अड्डे पर ढाई साल से यात्री पेयजल की समस्या से जूझ रहे थे, लेकिन स्थायी समाधान नहीं रहा था।
मार्च 2022 में पांडु पिंडारा का नया बस स्टैंड शुरू हुआ था। इसके निर्माण पर 32 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। बस स्टैंड पर यात्रियों को पीने का शुद्ध पेयजल मिले, इसके लिए बस स्टैंड की छत पर 500 लीटर की क्षमता वाला आरओ प्लांट लगाया गया है। नए बस स्टैंड पर यात्री टीडीएस ज्यादा होने से वाटर कूलर का पानी पीने से बच रहे हैं। समाजसेवी लोगों के लगाए गए वाटर टैंक से ही लोगों का काम चल रहा है। पानी इतना खराब है कि छत पर रखी टंकियों का रंग भी पीला पड़ गया है। भूतल पर दो वाटर कूलर, प्रथम तल पर एक वाटर कूलर लगे हैं, लेकिन पानी खराब होने की वजह से लोग उसका पानी नहीं पीते हैं। यहां तक कि कर्मचारियों के लिए भी स्पेशल पानी के कैंपर मंगवाए जाते हैं।
जींद डिपो में इस समय 200 बस हैं। इनमें हर रोज 16 हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं। इससे रोडवेज को हर रोज 12 लाख रुपये से ज्यादा का राजस्व प्राप्त होता है। मार्च 2022 में नया बस स्टैंड पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के आदेश पर तत्कालीन महाप्रबंधक गुलाब सिंह दूहन ने शुरू किया था। जून 2022 के अंत में गुलाब सिंह दूहन सेवानिवृत्त हो गए थे। इसके बाद अशोक कौशिक, दीपक कुंडू और कमलजीत सिंह ने महाप्रबंधक के तौर पर यहां कार्यभार संभाला था, लेकिन पिछले दो साल के दौरान चार महाप्रबंधक भी यहां पेयजल समस्या का समाधान नहीं करवा पाए थे।
कैंटीन सहित अन्य दुकान खाली पड़ी
बस स्टैंड के भूतल पर यात्रियों की सुविधा के लिए दो बड़ी कैंटीन सहित 15 दुकानें हैं। इस समय भूतल पर एक जूस कॉर्नर की दुकान, एक दुकान में एटीएम व एक दुकान में बेबी फीड सेंटर है, जबकि दो दुकानों में ड्यूटी सेक्शन कार्यालय को शिफ्ट किया गया है, जो पहले वर्कशॉप परिसर में प्रथम तल पर था, जबकि लगभग छह महीने से कैंटीन व अन्य दुकानें खाली पड़ी हुई हैं।
जल्द ही नए बस अड्डे पर पीने के पानी की समस्या का स्थायी समाधान हो जाएगा। बस अड्डे पर दो बड़े वाटर कूलर का निर्माण करवाया जाएगा, जिससे यात्रियों को पेयजल के लिए किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। -राहुल जैन, महाप्रबंधक, रोडवेज डिपो, जींद।
19जेएनडी04-बस अड्डे पर रखवाए गए टेंकर से प्यास बुझाते यात्री। संवाद