27जेएनडी08: गांव रामपुरा में लीक पेयजल की पाइपलाइन। संवाद
सफीदों। भीषण गर्मी में गांव रामपुरा में पानी के लिए हाहाकार मची हुई है। गांव के लोगों को चिलचिलाती धूप और तपती गर्मी में पानी के लिए घंटों संघर्ष करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वे समस्या के समाधान को लेकर जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। गांव निवासी सुदेश, सरिता, सुशीला, रोहतास, सतीश आदि के अलावा ने ग्रामीणों ने रोष व्यक्त करते हुए बताया कि उनके गांव में पिछले डेढ़ महीने से पेयजल की पाइपलाइन लीक है। गांव में पानी की सप्लाई आने के बाद घरों तक पानी नहीं पहुंच पाता है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस भीषण गर्मी में बार-बार लोगों का गला सूख रहा है वहीं उन्हें पानी के लिए दो से तीन किलोमीटर दूर जाना पड़ता है। घंटा भर लाइन में लगने के बाद उन्हें पीने का पानी नसीब होता है।
ग्रामीणों ने कहा कि जहां लोग गर्मी में जगह-जगह छबील लगा करके लोगों की प्यास बुझाने का काम कर रहे है, वही जन स्वास्थ्य अधिकारी उन्हें पानी की बूंद बूंद को तरसा रहे हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर के जन स्वास्थ्य विभाग के कार्यालय में अनेकों बार जा चुके हैं, लेकिन अधिकारियों ने उनकी समस्या को दूर नहीं किया। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि अगर एक दो दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वह आंदोलन करने पर मजबूर होंगे। अगर जरुरत पड़ी तो वह मार्ग जाम करने से भी पीछे नहीं हटेंगे।
बॉक्स
भीषण गर्मी में किसी भी गांव में पानी की समस्या नहीं आने दी जाएगी। रामपुरा का मामला उनके संज्ञान में आया है। जल्द लाइन को ठीक कर समस्या का समाधान करवा दिया जाएगा।
-राजेश शर्मा, एसडीओ जन स्वास्थ्य विभाग सफीदों।