04जेएनडी10: ग्रामीणों को पंपलेट बांटकर जागरूक करते हुए स्वास्थ्यकर्मी। स्रोत : प्रशासन
जींद। मलेरिया रोधी माह के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव ढिगाना में घर-घर भ्रमण कर लोगों को मलेरिया व अन्य वेक्टर जनित बीमारियों के प्रति जागरूक किया। अभियान के दौरान स्वास्थ्य निरीक्षक कुलदीप सिंह चहल के नेतृत्व में टीम ने बुखार से पीड़ित मरीजों की रक्त पट्टिकाएं बनाकर जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजीं।
स्वास्थ्य कर्मियों ने कूलर, टंकी, ड्रम, मटके, फ्रिज की ट्रे तथा पक्षियों के पानी के बर्तनों सहित विभिन्न जल स्रोतों की जांच की और ग्रामीणों को सप्ताह में एक दिन इन्हें खाली कर साफ करने की सलाह दी। इस दौरान जागरूकता पंपलेट भी वितरित किए गए। कुलदीप चहल ने कहा कि कोई भी बुखार मलेरिया का संकेत हो सकता है।
ऐसे में बुखार होने पर तुरंत जांच करवानी चाहिए। सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मलेरिया की जांच और उपचार निशुल्क उपलब्ध है। अभियान में स्वास्थ्य कर्मियों, आशा वर्करों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
संवाद