22जेएनडी25: सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति देती छात्राएं। संवाद।
- फोटो : credit
नरवाना। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि ग्रामीण अंचल में शिक्षा की लौ जगाना पुण्य कार्य से कम नहीं है। मंत्री ने विद्यालय को पांच लाख 51 हजार रुपये देने की घोषणा की।
रविवार को मंत्री धरोदी गांव स्थित भारत सीनियर सेकेंडरी स्कूल के वार्षिकोत्सव समारोह में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंचे थे। मंत्री बेदी ने कहा कि सरकारी संस्थानों के साथ-साथ निजी शिक्षण संस्थान भी ग्रामीण क्षेत्रों तक शिक्षा पहुंचाने की चुनौती स्वीकार कर रहे हैं, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि अनुशासन, संस्कृति और आत्मविश्वास जैसे गुण विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं और यही गुण उन्हें जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
विद्यार्थियों से कहा कि परीक्षा को बोझ नहीं बल्कि जीवन में आगे बढ़ने का अवसर समझें। कड़ी मेहनत, आत्मविश्वास और निरंतर अभ्यास से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने हरियाणवी संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से चार कलाकारों को 11-11 हजार रुपये देने की घोषणा भी की। आयोजन समिति ने मंत्री का शॉल, पगड़ी और स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया।