25जेएनडी19-लघु सचिवालय के सामने वाहन के इंतजार में खड़े लोग। संवाद
जींद। नौतपा की शुरुआत होते ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। तेज धूप और गर्म हवा के कारण लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। सोमव की सुबह तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबिक दोपहर बाद तापमान 44 डिग्री पहुंच गया।
सुबह करीब नौ बजे के बाद ही सूरज की तपिश तेज होने लगी थी। दोपहर होते-होते गर्म हवा और लू के थपेड़ों ने लोगों को बेहाल कर दिया। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग सिर और चेहरे को कपड़े से ढककर निकलते दिखाई दिए।
वहीं ठंडे पेय पदार्थों, शिकंजी, जूस और आइस क्रीम की दुकानों पर लोगों की भीड़ रही। भीषण गर्मी का असर आम जनजीवन पर भी साफ दिखाई दे रहा है। दोपहर के समय बाजारों में ग्राहक कम नजर आए जबकि सड़कें भी काफी हद तक सुनसान रहीं।
वहीं अस्पतालों में गर्मी से संबंधित मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। प्रशासन ने भी लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम चार बजे तक धूप में बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है।
वर्जन
नौतपा के दौरान अगले तीन से चार दिन तक गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। दिन के तापमान में और बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि इसके बाद मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मई के अंतिम दिनों में बादलवाई और बूंदाबांदी की संभावना बनेगी। इससे तापमान में कुछ गिरावट आने की उम्मीद है।
-डॉ. राजेश, मौसम वैज्ञानिक, पांडू-पिंडारा जींद