जींद। त्योहारी सीजन के साथ ऑनलाइन शॉपिंग भी शुरू हो गई है। यदि आप भारी भरकम छूट को देखकर किसी सामान की ऑनलाइन खरीदारी करना चाहते हैं तो आपको बेहद सावधानी रखनी होगी। मंदे के लालच में आप ठगी का शिकार भी हो सकते हैं। इसे लेकर एसपी नरेंद्र बिजारनिया ने एडवाइजरी जारी की है।
एएसपी ने बताया कि साइबर ठग फर्जी वेबसाइट बना कर लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में ऑनलाइन सामान की बुकिंग करते सही कंपनी और अधिकृत वेबसाइट का ही चुनाव करें। अपनी निजी जानकारी देने से बचें साथ ही सर्च इंजन पर कस्टमर केयर नंबर ढूंढने से बचें।
ऑनलाइन खरीदारी करते समय चैक करें कि वेबसाइट के यूआरएल में एचटीटीपीएस हैं या फिर खाली एचटीटीपी। यदि कोई अनजान व्यक्ति किसी एप्लीकेशन को डाउनलोड करने के लिए कहता है तो एप्लीकेशन डाउनलोड न करें। केवाईसी करने के नाम पर आपसे एक या 10 रुपये आपके ही बैंक अकाउंट में ट्रांसफर करने के लिए कहते हैं तो ऐसा भी बिल्कुल न करें। कोई भी व्यक्ति कभी भी किसी एटीएम बूथ से कार्ड के द्वारा ट्रांजेक्शन करें तो अपना पिन किसी को ना बताए न दिखाएं। ट्रांजेक्शन करने में असमर्थ होने पर किसी भी अनजान व्यक्ति की सहायता न लें। एटीएम से पैसे निकालने में कभी मदद लेनी पड़े तो केवल बैंक के कर्मचारियों या एटीएम बूथ में मौजूद गार्ड की सहायता लें। बैंक डिटेल, एटीएम कार्ड नंबर, कार्ड की एक्सपायरी एवं कार्ड पर पीछे लिखे तीन डिजिट के सीवीवी नंबर को किसी के साथ शेयर ना करें। धोखाधड़ी होने की स्थिति में बैंक के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल कर अपने बैंक को सूचित करें। ऑनलाइन नेट बेकिंग इस्तेमाल करते समय ध्यान रखें कि ट्रांजेक्शन हमेशा अपने पर्सनल कंप्यूटर या फोन पर करें। किसी अनजान नंबर से आपके पास फोन मेसेज या व्हाट्सएप मैसेज पर कोई लिंक या फोटो आए तो उस पर क्लिक न करें।
बॉक्स
ऑनलाइन खरीदारी सोच समझकर करें
त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी सोच समझकर करें। इस समय भारी भरकम छूट के ऑफर दिए जा रहे हैं, जिसका फायदा साइबर फ्राड करने वाले ठग उठा सकते हैं।
नरेंद्र बिजारनिया, एसपी, जींद।