संघ लोक सेवा आयोग द्वारा वीरवार को इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया। जींद की रहने वाली छवि जैन का भी चयन इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा में हुआ है। उन्हें 9वीं रैंक के साथ लड़कियों में पूरे देश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
नौकरी करते हुए बिना किसी कोचिंग के सफल होने वाली छवि जैन ने कहा कि उनका यह दूसरा प्रयास था। पहली बार सफलता नहीं मिलने पर उसने धैर्य नहीं खोया और दूसरी बार में सफलता को हासिल कर लिया। छवि ने बताया कि उसने इसके साथ-साथ और भी कई उच्च परीक्षाएं पास की हैं, लेकिन मेरी प्राथमिकता इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा पास करने की थी। बसंत विहार कॉलोनी निवासी छवि जैन के पिता राजेंद्र प्रसाद जैन ने कहा कि संघ लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा-2020 के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं टेली कम्युनिकेशन वर्ग में छवि ने 9वीं रैंक प्राप्त कर जींद का नाम रोशन किया है। उन्होंने बताया कि बेटी ने वनस्थली विद्यापीठ, जयपुर के विश्वविद्यालय ऑफ इंजीनियरिंग एवं टेक्नोलॉजी से 2014 में बीटेक और आईआईटी रुड़की से एमटेक किया है। 12वीं की पढ़ाई छवि जैन ने विद्या देवी जिंदल स्कूल हिसार से 89.6 प्रतिशत के साथ पास की थी। राजेंद्र प्रसाद जैन ने कहा कि आज के लड़के-लड़कियों में कोई फर्क नहीं है। आज के समय में लड़कियां किसी भी क्षेत्र में पीछे नहीं है। उन्होंने बताया कि उनकी दूसरी बेटी सपना जैन आईआईटी रुड़की से पीएचडी कर रही है। छवि जैन ने कहा कि वह तीन से चार घंटे पढ़ाई करती थी।
अभी भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में अधिकारी हैं छवि जैन
वर्तमान में छवि जैन भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में अधिकारी हैं। छवि ने अपनी इंजीनियरिंग स्नातक की पढ़ाई पूरी करके आईआईटी रुड़की से एमटेक किया है। वह भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण में कनिष्ठ कार्यकारी अधिकारी के पद पर कार्य किया है। छवि जैन ने कहा कि परीक्षा में सफलता के लिए निरंतरता व लगन होना आवश्यक है। सफलता के लिए वह अपने गुरुजनों व माता-पिता के आशीर्वाद को प्रेरणा स्त्रोत मानती हैं।