संवाद न्यूज एजेंसी
जींद। जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के तत्वावधान में 7 से 9 अगस्त तक नेहरू पब्लिक स्कूल स्थित शटलर बैडमिंटन अकादमी में जिला बैडमिंटन चैंपियनशिप का आयोजन किया जाएगा। एसोसिएशन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और खिलाड़ियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर पंजीकरण कराने की अपील की है।
एसोसिएशन के सचिव डॉ. भूपेंद्र बूरा ने बताया कि चैंपियनशिप का मुख्य उद्देश्य जिले में बैडमिंटन खेल को बढ़ावा देना, उभरती प्रतिभाओं की पहचान करना और उन्हें राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
7 अगस्त को अंडर-11 और अंडर-13 वर्ग के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। 8 अगस्त को इसी परिसर में अंडर-15 और अंडर-19 वर्ग के मैच होंगे। वहीं, 9 अगस्त को अंडर-17 वर्ग के मुकाबले शटलर बैडमिंटन अकादमी में खेले जाएंगे।
सीनियर पुरुष एवं महिला वर्ग की प्रतियोगिताएं डीसी कॉलोनी बैडमिंटन हॉल में आयोजित होंगी। चैंपियनशिप में अंडर-11, 13, 15, 17 और 19 आयु वर्ग के लड़के व लड़कियां हिस्सा ले सकेंगे। इसके अलावा पुरुष और महिला वर्ग में सिंगल्स, डबल्स और मिक्स्ड डबल्स स्पर्धाएं भी आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिता के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 5 अगस्त शाम 5 बजे निर्धारित की गई है। खिलाड़ी हुडा मार्केट स्थित स्मैश प्वाइंट स्पोर्ट्स पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।