नहर पुल पर जाम लगाकर नारेबाजी करते दुकानदार और भाजपा कार्यकर्ता। संवाद
- फोटो : Jind
नहर पुल के पास पुलिस द्वारा चालान काटने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं, राहगीरों व दुकानदारों ने बुधवार को सड़क जाम कर विरोध जताया। उन्होंने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। रोष स्वरूप दुकानदारों व लोगों ने दोपहर बाद तीन बजे नहर के पुल पर जाम लगा दिया। दुकानदारों व लोगों के रोष प्रदर्शन में भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए। जाम लगने के कारण नहर पुल के दोनों ओर वाहनों की लंबी लाइनें लग गईं।
दुकानदारों व लोगों ने कहा कि सफीदों में पुलिस प्रशासन तानाशाही रवैया अपना रहा है। चालान के नाम पर लोगों को लूटा जा रहा है। छोटी-छोटी बातों को लेकर व मास्क के नाम पर हजारों रुपये के चालान काटे जा रहे हैं। वाहन की कीमत भी उतनी नहीं होती, जितनी की चालान राशि का पर्चा उनके हाथ में थमा दिया जाता है। कोरोना महामारी के कारण पिछले डेढ़ साल से जनता बेहद परेशान है और बच्चों का पेट पालना मुश्किल हो रहा है। उसके ऊपर पुलिस द्वारा चालान द्वारा लोगों को परेशान किया जा रहा है।
नहर पुल के दुकानदारों का कहना था कि पुलिस हर रोज नहर पुल पर आकर वाहनों का चालान करना शुरू कर देती है। जैसे ही पुलिस अपनी कार्रवाई शुरू करती है वैसे ही बाजार वीरान हो जाता है। पुलिस को देखकर लोग अपने वाहनों को लेकर इधर-उधर से निकल जाते हैं। पहले तो कोरोना और अब पुलिस के कारण दुकानदार और अधिक बेरोजगारी की कगार पर पहुंच गए हैं। खानसर चौक, सफीदों बाईपास, नहर पुल, शहर थाना के सामने, सदर थाना के सामने, हाट रोड व गली-मोहल्लों में पुलिस खड़े होकर चालान कर रही है। लोगों का शहर के अंदर प्रवेश करना और बाहर जाना मुश्किल हो रहा है।
भाजपा मंडलाध्यक्ष हरीश शर्मा ने कहा कि कई दिनों पहले भाजपा जिलाध्यक्ष राजू मोर ने पुलिस से चालान कार्रवाई में नरमी करने का अनुरोध किया था, लेकिन उनके अनुरोध को भी दरकिनार कर दिया। नहर पुल पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने भी जिलाध्यक्ष से ठीक से बात नहीं की। पुलिस की इस कार्रवाई के खिलाफ भाजपा का हर कार्यकर्ता जनता के साथ खड़ा है। जाम लगने की सूचना पाकर सिटी थाना प्रभारी अब्बास खान मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुकानदारों को समझाया कि जुर्म पर नकेल कसने के लिए पुलिस शहर के हर चौक पर खड़ी रहती है। पुलिस का नाजायज चालान काटने का कोई मकसद नहीं है। अगर दुकानदारों को नहर पुल पर चालान काटने में दिक्कत है तो आगे से नहर पुल पर चालान नहीं काटे जाएंगे। थाना प्रभारी के आश्वासन के बाद आधा घंटे के बाद दुकानदारों ने जाम हटा लिया।