सफीदों। सफीदों की शिव कॉलोनी स्थित बीआर आंबेडकर भवन के पास स्थित प्लॉट को लेकर विवाद पैदा हो गया है। इस मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर दो मामले दर्ज किए हैं।
आंबेडकर भवन के प्रधान धूप सिंह महिवाल ने अनिल कुमार, सोनू कुमार व महेंद्र निवासी वार्ड नंबर-3 सफीदों तथा 7-8 अन्य के खिलाफ शिकायत देकर कहा कि 8 अगस्त को करीब ढाई बजे आंबेडकर भवन की दीवार गिरा दी गई। इस दौरान एक कागज लिखकर आंगन में फेंक दिया गया, जिसमें गालियां लिखी गई थीं। कागज में एक लाख रुपये की डिमांड की गई है। सीसीटीवी कैमरे में एक युवक कागज को फेंकते हुए नजर आ रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर तीन लोगों को नामजद करके जांच शुरू कर दी है।
वहीं दूसरे पक्ष के गांव रत्ताखेड़ा निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उसके प्लॉट पर कुछ लोगो ने कब्जा करने की नीयत से अवैध निर्माण कर रहे हैं। उनका प्लॉट आंबेडकर भवन के साथ लगता है। 29 मार्च को प्लॉट की रजिस्ट्री उनके नाम हो चुकी है और इंतकाल भी मंजूर हो चुका है। रजिस्ट्री के उपरांत भी 31 मार्च को जब उसने अपने प्लॉट की नींव भरनी शुरू की तो आंबेडकर भवन की कमेटी के धूप सिंह महीवाल, निवासी बर्फ फैक्टरी वाली गली, सफीदों के कुछ सदस्यों ने मिलकर काम रुकवा दिया। इस प्लॉट में नाले की जगह बताई। उसने उन लोगों को अपने प्लॉट की रजिस्ट्री से संबंधित कागजात भी दिखाए। उन्होंने कई बार अपने प्लॉट में निर्माण कार्य शुरू किया, लेकिन आंबेडकर भवन की कमेटी ने बार-बार आकर उनके निर्माण कार्य को रुकवा दिया। यह मामला कई बार थाने में पहुंचा, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। 3 जुलाई को उसने प्लॉट की नींव खुदवाई और चार जुलाई निर्माण कार्य शुरू किया तो मकबरा पीर निवासी सुनील गहलावत 8-10 लोगों को लेकर मौके पर आया और मजदूरों को भगा दिया। पुलिस को बुलाने का प्रयास किया तो उसका फोन भी छीन लिया गया। उसे गाड़ी में डालकर कहीं ले गए और उसे जान से मारने की धमकी दी। शहर थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने कहा कि दोनों पार्टियों की शिकायत मिली है। मामला लंबे समय से चला हुआ है। ऐसे में कई बार पंचायतें भी हुईं। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।