नरवाना। शहर की सब्जी मंडी में फड़ लगाकर सब्जी बेचने वालों और स्थायी आढ़तियों के बीच तनातनी बढ़ गई है। आढ़ती और फल विक्रेता एक-दूसरे पर आरोप जड़ रहे हैं। यह मामला एसडीएम कार्यालय में लगे खुले दरबार तक भी पहुंच चुका है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हो पाया है। इसको लेकर सब्जी मंडी एसोसिएशन की बैठक शनिवार को बैठक होगी, जिसमें अहम फैसले लिए जाएंगे।
आढ़तियों का कहना है कि फड़ विक्रेताओं के पास मंडी परिसर में बैठकर व्यापार करने का कोई वैध लाइसेंस नहीं है, जिससे न केवल मार्केट कमेटी को राजस्व का नुकसान हो रहा है, बल्कि उनका व्यवसाय भी प्रभावित हो रहा है। वहीं, दूसरी ओर फड़ विक्रेताओं ने आरोप लगाया है कि मार्केट कमेटी सिर्फ उन्हें ही निशाना बना रही है जबकि आढ़ती अपनी दुकानों के बाहर अवैध रूप से बड़े-बड़े शेड लगाकर अतिक्रमण कर चुके हैं, जिन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। फड़ विक्रेताओं का सवाल है कि जब उनके खिलाफ नोटिस जारी हो रहे हैं तो आढ़तियों पर भी बराबरी की कार्रवाई क्यों नहीं की जाती। आढ़तियों का कहना है कि फड़ विक्रेताओं को दूसरी बार जब नोटिस मिला था तो उस समय कार्रवाई हुई थी। कुछ विक्रेताओं ने वहां से अपनी फड़ों को हटाना शुरू कर दिया था, लेकिन कुछ ने नहीं किया था। अब जिन्होंने नहीं किया था, उनको तीसरा नोटिस दिया जा चुका है। अब आगे की कार्रवाई प्रशासन को ही करनी है। फड़ विक्रेताओं को यहां से हटाने को लेकर सब्जी मंडी एसोसिएशन के आढ़ती कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी के सामने भी मांग उठा चुके हैं। उसके बाद फिर एसडीएम कार्यालय में लगे खुले दरबार में भी शिकायत दे चुके हैं।
मंडी में जो छप्पर के नीचे फड़ विक्रेता बैठे हुए हैं, एक तो उनके पास लाइसेंस नहीं है और दूसरा वह आढ़तियों के खिलाफ अनाप-शनाप बयानबाजी करते हैं। उनकी ऐसी बयानबाजी को लेकर आज एसोसिएशन की बैठक बुलाई गई है, जिसमें सब्जी मंडी के सभी आढ़ती एकत्रित होंगे।
-चरणजीत छाबड़ा, प्रधान, सब्जी मंडी एसोसिएशन, नरवाना
मंडी में जो फड़ विक्रेता बैठे हुए हैं, उनको नोटिस जारी किए हुए हैं। आगामी कार्रवाई जल्द अमल में लाई जाएगी। फड़ विक्रेेताओं की तरफ से भी आढ़तियों द्वारा अतिक्रमण किए जाने की शिकायत मिली हुई है।
पूजा, सचिव, मार्केट कमेटी, नरवाना।