16जेएनडी32: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद
जींद। पहली से 12वीं कक्षा तक अर्ध वार्षिक परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूलों से रिपोर्ट मांगी है। इसके लिए जिला शिक्षा अधिकारी व मौलिक शिक्षा अधिकारी को पत्र लिखकर प्रश्न पत्र व उत्तरपुस्तिका के टेंडर प्रक्रिया समेत अन्य सभी जानकारी का ब्यौरा जल्द उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए हैं। जिस स्कूल मुखिया ने इस बारे में अभी तक कार्रवाई शुरू नहीं करवाई उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है।
पहली से 12वीं कक्षा तक अर्ध वार्षिक परीक्षाएं जुलाई माह में होंगी। जिनके लिए प्रश्न उत्तर पुस्तिकाओं को छपवाने के लिए विभाग द्वारा पांच लाख रुपये की राशि प्रत्येक जिला में भेजी गई थी, ताकि समय रहते इन परीक्षाओं की तैयारी के लिए जरूरी कार्यों का निपटान करवाया जा सके। विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने कहा कि यह राशि सत्र 2024-25 के लिए ही उपयोग की जानी है, ताकि समय रहते भुगतान किया जा सकें। इस कार्य के लिए यदि अतिरिक्त बजट की मांग होती है तो संबंधित डीईओ व डीईईओ शिक्षा निदेशालय से मांग करेंगे। शिक्षा निदेशालय ने निर्देश दिए हैं कि ई टेंडर के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया एवं सभी संबंधित प्रक्रियाओं को जिला स्तर पर एक जुलाई से पहले पूरा कर लिया जाए और किसी तरह से इस प्रक्रिया को लंबित नहीं रखा जाए। प्रश्न-उत्तर पुस्तिकाओं की छपवाई की प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात 21 दिन के अंदर-अंदर संबंधित डीईओ व डीईईओ द्वारा वेंडर को बिल का भुगतान कर दिया जाएगा।
अर्धवार्षिक परीक्षाओं की तैयारियां पूर्ण करने के मिले निर्देश
अर्द्ध वार्षिक परीक्षाओं व अन्य मूल्यांकन परीक्षाओं को लेकर प्रश्न व उत्तर पुस्तिका छपवाने को लेकर विद्यालय शिक्षा निदेशालय ने पत्र जारी किया है। प्रश्न व उत्तर पुस्तिका छपवाने को लेकर ई टेंडर के माध्यम से टेंडर प्रक्रिया के संदर्भ में निदेशालय ने अपडेट मांगी है। विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान प्रश्न व उत्तर पुस्तिका को लेकर कोई परेशानी नहीं आने दी जाएगी। जुलाई माह से सेट परीक्षाएं होने की उम्मीद है। जिनकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। -डॉ. सुभाष वर्मा, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी जींद।
16जेएनडी32: जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय का फोटो। संवाद