जींद। सरकारी स्कूलों में चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने व अन्य गतिविधियों के निरीक्षण को लेकर शिक्षा निदेशालय ने सख्ती दिखाई है।
इसके चलते स्कूलों में लगे कैमरों को लेकर शिक्षा निदेशालय ने सभी स्कूल मुखियाओं से जानकारी मांगी है। अब जिला शिक्षा अधिकारी, डीईईओ, एफएलएन जिला को-ऑर्डिनेटर, डीपीसी व बीईओ के नाम पत्र जारी किया है।
ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के स्कूलों में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इनमें सबसे ज्यादा मिड-डे मील का सामान चोरी हुआ है। कैमरे खराब होने या बंद होने के कारण चोरी की घटनाओं के मामले नहीं सुलझ रहे थे।
इसको लेकर स्कूलों में ज्यादा नुकसान हो रहा था। इसके अलावा स्कूल में विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी कैमरों की जरूरत है। स्कूल में हो रही गतिविधियों का भी कैमरों में रिकॉर्ड दर्ज होने से अध्यापक समय पर ड्यूटी पर आने व जाने लगेंगे। इसके अलावा अन्य प्रकार की गतिविधियों का भी पता लगेगा। कई विद्यालयों में विद्यालय प्रबंधन समितियों या अन्य माध्यमों से सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। जिले में कितने विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं और कितने विद्यालयों में सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे हैं।
गूगल फार्म में इसकी जानकारी भेजनी होगी। जिन स्कूलों में सीसीटीवी नहीं लगे हैं, उनमें सीसीटीवी का प्रबंध करवाने के निर्देश दिए हैं। जिले पीएमश्री व मॉडल संस्कृति विद्यालयों में कैमरे लगे हुए हैं, जबकि प्राइमरी विद्यालयों में अभी तक सीसीटीवी नहीं है।