संवाद न्यूज एजेंसी
जुलाना। आदिपुरूष फिल्म का विरोध लगातार बढ़ता ही जा रहा है। अब विरोध में गतौली गांव स्थित गोविंद धाम के संचालक भी विरोध में आ गए हैं। धाम के संचालक गुरु रणदीप सिंह ने कहा कि सनातन धर्म की भावनाओं के साथ फिल्म में खिलवाड़ किया जा रहा है। भगवान राम और हनुमान की तुलना कार्टूनों से की गई है जोकि निंदनीय है। प्रधानमंत्री से मांग की गई है कि फिल्म पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए और फिल्म के निर्देशक ओम राउत और लेखक मनोज मुंतशिर शुक्ला और फिल्म के निर्माताओं पर सख्त कार्यवाही की जाए। ताकि फिर कोई सनातन धर्म का मजाक बनाने की कोशिश ना कर सके। वहीं सेंसर बोर्ड को भी चाहिए कि इस तरह की आहत करने वाली फिल्मों प्रदर्शित करने की अनुमति ना दें। गुरु रणदीप ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सनातन धर्म किसी धर्म के खिलाफ नही है बल्कि सभी धर्मों का सम्मान करता है। फिल्म निर्माताओं को चाहिए कि वो समाज की भलाई की फिल्में लेकर आएं ताकि युवा देश के सच्चे नागरिक बन सकें।